फिल्म 'बॉर्डर' में अक्षय खन्ना ने एक युवा सैनिक का किरदार निभाया था। जे.पी.दत्ता की मल्टीस्टारर इस फिल्म में अक्षय कुमार ने अपने भावनात्मक किरदार और शानदार एक्सप्रेशन के बदौलत सुनील शेट्टी, जैकी श्रॉफ और सनी देओल जैसे स्टार्स की भीड़ में भी अपनी अलग जगह बनायी थी।
हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'धुरंधर' में अपने रहमान डकैत के किरदार की वजह से एक बार फिर से अक्षय खन्ना चर्चाओं में छा गए हैं। अब चर्चाएं हो रही हैं कि अक्षय खन्ना 'बॉर्डर 2' में भी नजर आने वाले हैं। इन चर्चाओं में कितनी सच्चाई है इस बात का खुलासा फिल्म की निर्माता निधि गुप्ता ने किया है।
क्यों फैली अफवाह?
अक्षय खन्ना भी 'बॉर्डर 2' का हिस्सा हैं। इस बात की अफवाह आखिर क्यों फैली? दरअसल, हाल ही में फिल्म का एक गाना 'घर कब आओगे' का प्रीमियर हुआ। गाने के एक सीन को देखकर फैंस को लगा कि उसमें अक्षय खन्ना की झलक दिखाई दी है। इसके बाद से ही कहा जाने लगा कि 'बॉर्डर 2' में भी अक्षय खन्ना की दमदार एक्टिंग देखने को मिलेगी।
दावा किया जा रहा था कि फिल्म में अक्षय खन्ना कैमियो किरदार में भी नजर आ सकते हैं जिसके बारे में अभी कोई खुलासा नहीं किया जा रहा है। यह फैंस के लिए सिनेमाघर में सरप्राइज की तरह होगा। पर क्या है इस अफवाह की सच्चाई?
क्या अक्षय खन्ना 'बार्डर 2' में कैमियो रोल में दिखेंगे?
इस बारे में Times Now की मीडिया रिपोर्ट में फिल्म की निर्माता निधि गुप्ता के हवाले से बताया गया है कि इस अफवाह में कोई सच्चाई नहीं है। अक्षय खन्ना 'बॉर्डर 2' का हिस्सा नहीं हैं और न ही फिल्म में उनका कोई कैमियो किरदार है। निधि गुप्ता ने कहा कि अक्षय खन्ना का 'बॉर्डर 2' के साथ कोई लेना-देना नहीं है। न तो इस फिल्म के लिए उनसे संपर्क किया गया था और न ही वह इस फिल्म का हिस्सा हैं।
निधि गुप्ता के इस बयान ने अक्षय खन्ना के फैंस को जरूर निराश किया है लेकिन 'बार्डर 2' का क्रेज़ कम नहीं हो रहा है। फिल्म 'बॉर्डर 2' कल यानी 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म में सनी देओल, अहान शेट्टी, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ, मोना सिंह, सोनम बाजवा प्रमुख किरदारों में नजर आने वाले हैं। खास बात है कि इस फिल्म के साथ ही कल 'धुरंधर 2' का टिजर भी बड़े पर्दे पर रिलीज किया जाएगा।
क्या आपको भी फिल्म 'बॉर्डर 2' के गाने 'घर कब आओगे' में दिखी है अक्षय खन्ना की झलक?
एक बार फिर से देखें यह गाना और इस बार जरा गौर से...