दिग्गज गायक मोहम्मद रफी के बेटे शाहिद रफी ने हाल ही में रियलिटी शो इंडियन आइडल के एक खास एपिसोड में अपने पिता के आखिरी पलों को याद किया। शो में प्रतियोगी तनिष्क शुक्ला की परफॉर्मेंस के बाद शाहिद रफी भावुक हो गए और उन्होंने रफी साहब के अंतिम दिनों और उनके आखिरी घंटों की कहानी साझा की।
शाहिद रफी ने बताया कि उनके पिता ने अपनी मौत से कुछ समय पहले ही अपना आखिरी गाना रिकॉर्ड किया था, जिसे मशहूर संगीतकार जोड़ी लक्ष्मीकांत–प्यारेलाल ने कंपोज किया था। उन्होंने बताया कि उस रिकॉर्डिंग के दो दिन बाद ही उनके पिता का निधन हो गया।
शाहिद ने बताया, “रफी साहब का आखिरी गाना लक्ष्मीकांत–प्यारेलाल जी ने कंपोज किया था। वही उनका अंतिम गीत था। दो दिन बाद पिताजी का निधन हो गया। उसी दिन उनकी रिहर्सल थी और उन्होंने रिहर्सल भी की। रिहर्सल के दौरान उनके सीने में दर्द हुआ। उन्होंने दवा ली, लेकिन मम्मी को शक हुआ और उन्होंने कहा कि डॉक्टर को बुलाओ। डॉक्टर तुरंत आ गए। महिम से बॉम्बे हॉस्पिटल के बीच जब पिताजी को ले जाया जा रहा था, तब एम्बुलेंस में ही उन्हें तीन अटैक आए। ज्यादा से ज्यादा पांच मिनट में डॉक्टर ने कहा-सॉरी, अब वे नहीं रहे।”
यह एपिसोड हिंदी फिल्म संगीत के स्वर्णिम दौर को समर्पित था, जिसमें मोहम्मद रफी और मुकेश के गानों को श्रद्धांजलि दी गई। इस खास मौके पर मशहूर संगीतकार प्यारेलाल शर्मा भी बतौर मेहमान मौजूद थे। प्रतियोगियों ने उस दौर के कई यादगार गीत पेश किए, जिससे दर्शकों को पुराने दौर की मधुर यादें ताजा हो गईं।
इंडियन आइडल के नए एपिसोड हर शनिवार और रविवार को सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनी लिव पर प्रसारित होते हैं।