पिछले कुछ समय से बॉलीवुड की रॉकस्टार सुनिधि चौहान (Sunidhi Chauhan) के कॉन्सर्ट काफी लोकप्रिय हो रहे हैं। एक ग्लोबल परफॉर्मर के तौर पर लोग सुनिधि चौहान का परफॉर्मेंस खूब पसंद भी करते हैं। लेकिन कुछ दिनों पहले लखनऊ में सुनिधि चौहान कॉन्सर्ट के बीच रो पड़ी थी।
सिर्फ इतना ही नहीं, सुनिधि ने भावुक होकर स्टेज से ही दर्शकों से माफी भी मांगी और अब खबरें सामने आ रही हैं कि सुनिधि चौहान ने अपना कोलकाता दौरा रद्द कर दिया है। कोलकाता में भी सुनिधि चौहान का कॉन्सर्ट होने वाला था जिसके रद्द होने की वजह उन्होंने खुद ही बतायी है।
क्या है यह पूरा माजरा?
दरअसल, लखनऊ इवेंट के समय सुनिधि चौहान की तबीयत बहुत ज्यादा खराब थी। उन्हें गले में खराश की गंभीर समस्या हो रही थी। इस वजह से वह स्टेज पर परफॉर्म करते समय बेहद भावुक हो गयी। परफॉर्मेंस के बीच में सुनिधि ने दर्शकों से माफी मांगते हुए अपने गले की समस्या के बारे में फैंस को बताया।
Read Also | फिर से ऑस्कर के मंच पर दिखेंगी देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा, किन दिग्गजों संग साझा करेंगी मंच?
उन्हें बुरा इस बात का लग रहा था कि उनकी आवाज बहुत खराब निकल रही है। सुनिधि ने आंखों में आंसू भरकर लोगों से मिल रहे प्यार के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य से मैं कोशिश कर रही हूं लेकिन जैसा चाहती हूं शायद वैसा नहीं न हो पाए। कृपया मुझे माफ कर दीजिए।
कोलकाता में रद्द किया कॉन्सर्ट
कल यानी 14 मार्च को सुनिधि चौहान का कोलकाता में कॉन्सर्ट होने वाला था लेकिन उसे रद्द कर दिया गया है। यह कॉन्सर्ट सुनिधि के 'आई एम होम' टूर का हिस्सा है जिसकी शुरुआत 27 दिसंबर को हुई थी। गले में समस्या की वजह से ही सुनिधि चौहान का कोलकाता का कॉन्सर्ट रद्द किया गया है। इस बात की जानकारी उन्होंने खुद ही अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल से पोस्ट कर दी है।
सुनिधि ने लिखा है कि गले के इंफेक्शन से पीड़ित हूं। डॉक्टर ने गले को रेस्ट देने के लिए कहा है। ऐसी स्थिति में नहीं गा सकूंगी। इसलिए 14 मार्च को कोलकाता में कार्यक्रम नहीं कर पाऊंगी। हालांकि इसके साथ ही सुनिधि ने भी बताया कि कोलकाता में 25 मार्च को कॉन्सर्ट का आयोजन होगा। साथ ही यह भी स्पष्ट कर दिया कि 14 मार्च के टिकट पर ही 25 मार्च को कॉन्सर्ट में दर्शक पहुंच सकेंगे।