फिल्म निर्देशक विक्रम भट्ट को धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। निर्देशक को इंदिरा IVF के संस्थापक IVF डॉक्टर अजय मुर्डिया की शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया। अजय ने विक्रम भट्ट और उनकी पत्नी श्वेतांबरी समेत अन्य 6 लोगों के खिलाफ उदयपुर के भूपालपारा पुलिस स्टेशन में 30 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है।
जानकारी के मुताबिक अजय मुर्डिया ने आरोप लगाया कि उन्होंने विक्रम की कई परियोजनाओं के लिए करीब 30 करोड़ रुपये का निवेश किया था। उन परियोजनाओं में डॉ. अजय की पत्नी की बायोपिक भी बननी थी। उन्होंने दावा किया कि विक्रम ने एक भी काम नहीं किया। साथ ही आरोप लगाया गया है कि उन्होंने रुपए भी वापस नहीं किए। ANI की रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार आरोपियों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कर दिया गया था। विदेश यात्रा पर भी रोक लगा दी गई थी।
रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के मुताबिक विक्रम भट्ट को राजस्थान और उदयपुर पुलिस की संयुक्त ऑपरेशन में बांद्रा में उसकी साली (पत्नी की बहन) के घर से गिरफ्तार किया गया है। उदयपुर SP योगेश गोयल के हवाले से बताया गया कि पुलिस शायद विक्रम भट्ट और उनकी पत्नी को उदयपुर लाएगी। राजस्थान पुलिस विक्रम और उनकी पत्नी को उदयपुर शिफ्ट करने के लिए बांद्रा कोर्ट में ट्रांजिट रिमांड के लिए आवेदन करने वाली है।