बेली डांस के बीच आग कैसे लगी? देखें गोवा के उस रोंगटे खड़े कर देने वाले पल को

‘आग लगा दी आपने’- दर्शकों की यह मज़ाकिया टिप्पणी पल भर में मौत का कारण बन गयी

By अमर्त्य लाहिड़ी, Posted by डॉ.अभिज्ञात

Dec 07, 2025 21:00 IST

पणजीः शनिवार रात गोवा के ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ में जब भीषण आग लगी तब वहां ‘बॉलीवुड बैंगर नाइट’ चल रही थी। कहा जा रहा है कि इस खास कार्यक्रम के लिए बड़े पैमाने पर प्रचार किया गया था। आग लगने के समय लगभग 100 पर्यटक बॉलीवुड के एक लोकप्रिय गाने पर एक नृत्यांगना का बेली डांस देख रहे थे। उस समय क्या हुआ? इंटरनेट पर वायरल एक वीडियो में वह क्षण कैद हो गया है।

'समाचार एई समय' ने’ वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं की है। लेकिन पहली नज़र में लगता है कि किसी दर्शक ने ही यह वीडियो रिकॉर्ड किया था। वीडियो में दिख रहा है कि ‘शोले’ फिल्म के मशहूर गाने ‘मेहबूबा ओ मेहबूबा’ की धुन पर एक नृत्यांगना थिरक रही है और उसे वादक घेरे हुए हैं। उत्साहित दर्शक उसे हौसला दे रहे हैं।

अचानक पीछे कंसोल के ऊपरी हिस्से में आग की लपटें दिखती हैं। क्लब के दो कर्मचारियों को कंसोल की ओर दौड़ते हुए देखा जाता है। वे आग के ठीक नीचे रखा एक लैपटॉप हटाकर ले जाते हैं। शुरुआत में दर्शकों ने आग पर ध्यान ही नहीं दिया। लेकिन चंद पलों में आग फैलने लगी। संगीत बंद हो गया। क्लब के एक कर्मचारी को आग पर पानी फेंकते देखा जा सकता है। किसी दर्शक की आवाज आती है-‘आग लग गई’ लेकिन तब भी वहां मौजूद लोग डरे नहीं। उन्हें अंदाज़ा नहीं था कि कितनी बड़ी विपत्ति आने वाली है। एक व्यक्ति नृत्यांगना की तारीफ़ करते हुए मज़ाक में कहता है-‘आग लगा दी आपने’।

कुछ ही देर में आग की तीव्रता बढ़ जाती है। घना धुआं डांस फ्लोर को ढकने लगता है। वादक अपने वाद्ययंत्र छोड़कर बाहर निकलने लगते हैं। नृत्यांगना, क्लब के कर्मचारी और भीड़ में अफरा-तफरी मच जाती है। उसी दौरान आग को तेजी से पूरे छत पर फैलते देखा जा सकता है। अगले कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे नाइटक्लब को अपनी चपेट में ले लिया। 25 लोगों की मौत हो गई। छह अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने बताया कि शनिवार रात 12 बजे के कुछ बाद उन्हें आग की सूचना मिली थी।

Prev Article
गोवा नाइट क्लब हादसा: बेली डांस के समय मौत ने दी दस्तक, 25 की जान गयी, पूरी घटना एक नजर में
Next Article
SIR की प्रक्रिया में गलत जानकारी देने के आरोप में देश में पहली FIR दर्ज, कहां और क्यों?

Articles you may like: