पणजीः गोवा के नॉर्थ गोवा स्थित अरपोरा के एक रेस्टोरेंट-कम-नाइटक्लब में आधी रात को लगी भीषण आग में मरने वालों की संख्या 25 हो गयी है, जबकि कई अन्य घायल है। घटना ने शासन-प्रशासन, सुरक्षा मानकों और अवैध रूप से संचालित हो रहे प्रतिष्ठानों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। केंद्र और राज्य सरकारें राहत व सहायता प्रदान कर रही हैं, वहीं विपक्ष और स्थानीय संगठनों ने इस त्रासदी को प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम बताया है। मामले की जांच तेज़ कर दी गई है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
गोवा पुलिस ने पुष्टि की कि मृतकों में 4 पर्यटक, 14 स्टाफ, और 7 अज्ञात पहचान वाले लोग शामिल हैं। छह घायल उपचाराधीन हैं। क्लब का संचालन कथित रूप से अवैध था और सुरक्षा मानकों पर सवाल उठे हैं। क्लब प्रबंधन के कुछ लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं और मालिक के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हो गया है। आग की सटीक वजह, सुरक्षा चूक और अवैध संचालन की जांच जारी है।
गोवा के अरपोरा स्थित ‘Birch By Romeo Lane’ नाइट क्लब में आग लगने से 25 लोगों की मौत हुई और 6 लोग घायल हुए। मृतकों में 4 पर्यटक, 14 स्टाफ और 7 अज्ञात पहचान वाले लोग शामिल हैं। प्रारंभिक रूप से बताया गया कि आग लगने का कारण सिलेंडर ब्लास्ट है। पुलिस ने क्लब मैनेजर सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है और मालिक के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हो गया है। आग की सटीक वजह, सुरक्षा चूक और अवैध संचालन की जांच जारी है।
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने मृतकों के परिवारों को 5 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए मुआवजा देने की घोषणा की हैं, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिवारों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार रुपए देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री सावंत ने कहा कि एक सप्ताह में विस्तृत जांच रिपोर्ट पेश की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई होगी। मृतकों के शवों को घर तक पहुंचाने के लिए पुलिस व स्वास्थ्य अधिकारियों की संयुक्त टीम बनाई गई है। सरकार ने मजिस्ट्रियल जांच, प्रक्रियागत खामियों की विस्तृत रिपोर्ट और अवैध रूप से चल रहे क्लबों का ऑडिट कराने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने गोवा मेडिकल कॉलेज का दौरा कर बताया कि 25 शव अस्पताल लाए गए हैं, जिनमें से कई की पहचान हो चुकी है। पांच लोग उपचाराधीन हैं। अधिकारियों के अनुसार आग सबसे पहले क्लब के किचन एरिया में लगी और तेजी से अन्य हिस्सों में फैल गई। डीजीपी आलोक कुमार ने बताया कि कई शव किचन क्षेत्र में मिले, जबकि कुछ लोग सीढ़ियों पर भागते हुए मृत पाए गए।
चश्मदीदों के मुताबिक धुआं फैलते ही क्लब में भगदड़ मच गई और कई लोग संकरे रास्तों की वजह से बाहर नहीं निकल सके। क्लब में पाम लीव्स से की गई सजावट ने आग को और तेज़ी से फैलने में भूमिका निभाई। घटना के समय क्लब में करीब 100 लोग मौजूद थे और ‘Bollywood Banger Night’ के दौरान मंच पर डांस चल रहा था। वीडियो फुटेज से पता चलता है कि आग डांस फ्लोर के पास शुरू हुई, जहां बेली डांसर के प्रदर्शन के दौरान भीड़ मौजूद थी।
फायर सेफ्टी और बिल्डिंग नियमों का पालन न होने की पुष्टि प्रारंभिक जांच में सामने आई है।फोरेंसिक टीम आग की सटीक वजह और प्रक्रियागत चूक की जांच कर रही है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए इसे सुरक्षा और शासन की आपराधिक असफलता बताया। उन्होंने पारदर्शी और व्यापक जांच की मांग की ताकि जिम्मेदारी तय हो सके और भविष्य में ऐसी त्रासदी रोकी जा सके। गोवा आप के प्रमुख अमित पालयकर ने आरोप लगाया कि क्लब बिना अनुमति के चल रहा था, जिसकी शिकायतें सरकार को पहले भी की गई थीं। उन्होंने प्रशासन पर गंभीर लापरवाही, अवैध प्रतिष्ठानों पर मिलीभगत और कमज़ोर आपात प्रतिक्रिया का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री से तत्काल इस्तीफे की मांग की।
भाजपा विधायक माइकल लोबो ने राज्य के सभी क्लबों का सेफ्टी ऑडिट कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने की मांग की। लोबो के अनुसार, अधिकांश लोगों की मौत बेसमेंट की ओर भागते समय दम घुटने से हुई।