लगभग 6 दिनों बाद भी IndiGo एयरलाइंस की उड़ान सेवाएं सामान्य नहीं हो पायी हैं। ऐसी स्थिति में यात्री बहुत ज्यादा परेशान हो चुके हैं। देश भर के विभिन्न एयरपोर्ट से एक के बाद एक लगातार कई फ्लाइट्स को रद्द कर देना पड़ रहा है। केंद्र सरकार ने रद्द होने की फ्लाइट्स के यात्रियों को टिकट का रुपया रिफंड करने का आदेश दिया था।
मिली जानकारी के अनुसार IndiGo एयरलाइंस ने अब तक 500 करोड़ रुपए से ज्यादा का रिफंड यात्रियों को दिया है। इसके साथ ही 3000 से ज्यादा सामानों को सही-सलामत उनकी जगह पर भी पहुंचाया है।
करोड़ों रुपए का रिफंड
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने IndiGo एयरलाइंस को रविवार की रात को 8 बजे तक रद्द हुई फ्लाइट्स के यात्रियों को उनके टिकट का रुपया रिफंड करने के लिए 24 घंटे का समय दिया था। इसके आधार पर एयरलाइंस ने भी काम करना शुरू कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार रविवार की शाम को 6 बजे तक एयरलाइंस ने 610 करोड़ रुपए का रिफंड कर दिया है।
इसके साथ ही नागरिक उड्डयन मंत्रालय को आश्वस्त किया है कि बाकी रुपए के रिफंड को लेकर भी काम चल रहा है। साथ ही बताया कि यात्रियों के 3000 से अधिक सामानों को सही-सलामत उनकी सही जगह पर पहुंचा दिया गया है।
फिर से रद्द हुई फ्लाइट्स
IndiGo एयरलाइंस ने रविवार को भी 650 फ्लाइट्स को रद्द कर दिया है। एयरलाइंस की ओर से मिली जानकारी के अनुसार IndiGo देश भर में हर दिन 2300 फ्लाइट्स का संचालन करता है लेकिन रविवार को 1650 फ्लाइट्स ही ऑपरेट हो रही हैं।
Read Also | IndiGo : एयरपोर्ट पर दिख रहा स्टेशन जैसा नजारा, प्लास्टिक की कुर्सी पर बैठकर यात्री खा रहे वेज बिरियानी
कौन से शहर से कितनी फ्लाइट्स रद्द?
हैदराबाद से 115 फ्लाइट्स रद्द
मुंबई से 112 फ्लाइट्स रद्द
दिल्ली से 109 फ्लाइट्स रद्द
कोलकाता से 76 फ्लाइट्स रद्द
चेन्नई से 38 फ्लाइट्स रद्द
अमृतसर से 11 फ्लाइट्स रद्द
अपने आधिकारिक X हैंडल पर एक पोस्ट कर IndiGo की ओर से दावा किया है कि एयरलाइंस की 75 प्रतिशत फ्लाइट्स समय पर ही उड़ान भर रही है। साथ ही दावा किया गया है कि इसके 138 डेस्टिनेशन्स में से 135 पर उड़ान सेवाएं फिर से शुरू हो गई हैं। IndiGo ने बताया कि स्थित पर नजर रखने के लिए एक क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप बनाया है।
एयरलाइंस कंपनी ने कहा कि वह इस स्थिति में यात्रियों को सपोर्ट करने के लिए 'हर मुमकिन' कोशिश कर रही है। DGCA ने कंपनी के CEO पीटर एल्बर्स को पहले ही कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। मिली जानकारी के अनुसार उन्होंने अभी तक कोई जवाब नहीं दिया है।
यह है नाकामी - चिदंबरम
कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने इस मामले में केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि एयरलाइंस कंपनियों पर कड़ी निगरानी की जरूरत है। चिदंबरम ने इसे IndiGo और नागरिक उड्डयन मंत्रालय की नाकामी करार दी है। बता दें, इस घटना की वजह से फिलहाल IndiGo एयरलाइंस बहुत ज्यादा दबाव में है। उनके लिए सामान्य उड़ान सेवाओं को पुनर्बहाल करना एक बड़ी चुनौती है। हालांकि यात्रियों का भरोसा फिर से जीतना उससे भी बड़ी चुनौती है।