नाइट क्लब में आग लगने की घटना में गोवा के मुख्यमंत्री ने कहा - 'कोई सरकारी अधिकारी दोषी हुआ तो...', 4 गिरफ्तार

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने सरकारी अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोई सरकारी अधिकारी दोषी पाया जाता है तो उसे नौकरी से बर्खास्त किया जाएगा।

By Moumita Bhattacharya

Dec 07, 2025 21:42 IST

गोवा के नाइट क्लब में आग लगने की घटना में लापरवाही के आरोपों को लेकर देश में हंगामा मचा हुआ है। इस मामले में विरोधी पार्टियों ने राज्य की भाजपा सरकार को घेरा है। शुरुआती जांच में पता चला है कि नाइट क्लब के पास कोई फायर क्लीयरेंस नहीं था। साथ ही आरोप लगाया जा रहा है कि उसके पास लाइसेंस भी नहीं था। रविवार शाम को गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने सरकारी अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोई सरकारी अधिकारी दोषी पाया जाता है तो उसे नौकरी से बर्खास्त किया जाएगा।

घटना के समय का वीडियो वायरल

क्लब में आग लगने के समय का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। (समाचार एई समय ने वीडियो की सत्यता की जांच नहीं की है।) शनिवार की भोर में गोवा के बिर्च रोमियो लेन नाइट क्लब में पार्टी चल रही थी। डांसर डांस फ्लोर पर डांस कर रही थी। सभी लोग अपनी-अपनी धुन में मस्त थे। तभी अचानक आग लग गई। उस पल का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि आग सबसे पहले डांस फ्लोर की छत पर लगी।

क्लब में ज्यादातर संरचनाएं लकड़ी से बनी थी। इसलिए आग ने तेजी से पूरे नाइट क्लब को अपनी चपेट में ले लिया। हर तरफ अफरा-तफरी फैल गयी। बताया जाता है कि आग से बचने के लिए कुछ लोगों ने बेसमेंट में पनाह ली थी। पूरा क्लब काले धुएं से ढक गया। मिली जानकारी के अनुसार इस घटना में दम घुटने की वजह से 25 लोगों की मौत हो गई। करीब 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

चेतावनी के साथ मुआवजे की घोषणा

रविवार की शाम को गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया जिसमें सरकारी अधिकारियों को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि इस घटना में अगर कोई सरकारी अधिकारी दोषी पाया जाता है तो उसे तुरंत नौकरी से बर्खास्त कर दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने आग लगने के कारणों की जांच के लिए मजिस्ट्रेट स्तर पर जांच का आदेश पहले ही दे दिए है। बताया जाता है कि रिपोर्ट एक सप्ताह में सौंप दी जाएगी। साथ ही मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने आर्थिक मदद की भी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि सरकार मृतकों के परिवारों को 5 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये का मुआवजा देगी।

दिशा-निर्देश जारी

गोवा सरकार ने दिशा-निर्देश जारी किया है ताकि गोवा के सभी क्लब, रेस्टोरेंट और कमर्शियल जगहों के पास वैध परमिट और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम को सुनिश्चित किया जा सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की बनाई कमेटी ने भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोकने के लिए एक स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) बनाया है।

4 लोग गिरफ्तार

ANI की मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार नाइट क्लब में आग लगने के इस घटना में 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सभी चारों को अंजुना पुलिस स्टेशन में मेडिकल जांच के लिए लाया गया था। बताया जाता है कि गिरफ्तार लोगों में चीफ जनरल मैनेजर राजीव मोदक, गेट मैनेजर प्रियांशु ठाकुर, बार मैनेजर राजवीर सिंघानिया और जनरल मैनेजर विवेक सिंह शामिल है।

Prev Article
IndiGo एयरलाइंस ने अब तक यात्रियों को कितने रुपयों के रद्द टिकट का किया रिफंड?
Next Article
SIR की प्रक्रिया में गलत जानकारी देने के आरोप में देश में पहली FIR दर्ज, कहां और क्यों?

Articles you may like: