लंदन में राज और सिमरन की मूर्ति का हुआ अनावरण, जानिए ऑरिजिनल 'राज' शाहरूख खान ने क्या कहा?

DDLJ को आज भी भारत में जितनी दीवानगी के साथ देखी जाती है, इसे लंदन में उतना ही पसंद किया जाता है।

By Moumita Bhattacharya

Dec 05, 2025 11:15 IST

बड़े-बड़े देशों में, ऐसी छोटी-छोटी बातें होती रहती हैं, सेन्योरिटा! कुछ इसी अंदाज में अपने फैंस के साथ इस खुशखबरी को शाहरूख खान ने शेयर किया है। आदित्य चोपड़ा की कल्ट क्लासिक फिल्म 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' (DDLJ) के 30 सालों का सफर पूरा होने की खुशी में लंदन में कुछ ऐसा हुआ जो आज तक शायद किसी भारतीय फिल्म के लिए नहीं किया गया था। इस फिल्म को आज भी भारत में जितनी दीवानगी के साथ देखी जाती है, इसे लंदन में उतना ही पसंद किया जाता है।

यहीं वजह है कि लंदन के प्रतिष्ठित लीसेस्टर स्क्वायर पर राज-सिमरन की मूर्ति का अनावरण किया गया। इस मूर्ति का अनावरण पर्दे पर इन दोनों किरदारों में जान फूंकने वाले एक्टर शाहरूख खान और काजोल ने खुद किया। इसकी तस्वीरें दोनों स्टार्स ने अपने सोशल मीडिया पर शेयर किया है जिसमें दोनों इस मूर्ति के सामने बारिश में एक पारदर्शी छतरी के नीचे पोज देते नजर आ रहे हैं। ये फोटोज़ सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल भी हो रहा है।

इन फोटोज़ में काजोल एक हल्की सी-ग्रीन रंग की साड़ी में बेहद खूबसूरत नजर आ रही हैं। वहीं शाहरूख खान काले रंग की एक क्लासिक सूट में हैं। इन फोटोज़ के साथ शाहरूख ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर पोस्ट किया है, 'आज लंदन के लीसेस्टर स्क्वायर में राज और सिमरन की कांस्य प्रतिमा का अनावरण करते हुए रोमांचित हूं।

दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे के 30 साल पूरे होने का जश्न मना रहा हूं। डीडीएलजे पहली भारतीय फिल्म है जिसे सीन्स इन द स्क्वायर ट्रेल में एक प्रतिमा से सम्मानित किया गया है।' इसके साथ ही उन्होंने ब्रिटेन को धन्यवाद भी किया है। साथ ही अपने फैंस से अनुरोध किया है कि अगर आप लंदन में हैं तो राज और सिमरन से जरूर मिलें।

Prev Article
बादशाह लंदन के ओ2 एरीना में कॉन्सर्ट करने वाले पहले भारतीय रैपर होंगे

Articles you may like: