गुरुवार को पश्चिम बंगाल उच्च माध्यमिक काउंसिल के चौथे सेमेस्टर की गणित की परीक्षा हुई। कुछ परीक्षार्थियों का दावा है कि प्रश्नपत्र में 3 प्रश्न ऐसे रहे जो 'Out Of Syllabus' थे। इनमें प्रश्न संख्या '2B', '11B' और '11C' शामिल है, जिनके लिए क्रमशः 2, 4 और 4 अंक (कुल 10 अंक) निर्धारित थे।
ऐसे में सवाल उठता है कि क्या इन प्रश्नों का जवाब देने की कोशिश करने पर परीक्षार्थियों को अंक दिए जाएंगे? काउंसिल ने इस सवाल का जवाब दिया है। पश्चिम बंगाल उच्च माध्यमिक काउंसिल ने यह स्वीकार कर लिया कि चौथे सेमेस्टर के गणित के प्रश्न पत्र में 3 प्रश्न 'Out Of Syllabus' पूछे गए थे।
पश्चिम बंगाल उच्च माध्यमिक काउंसिल की तरफ से एक विज्ञप्ति जारी की गयी जिसमें कहा गया कि अगर किसी परीक्षार्थी ने 'Out Of Syllabus' प्रश्नों को हल करने की कोशिश की तो उसे पूरे अंक दिए जाएंगे। काउंसिल की ओर से कहा गया है कि परीक्षार्थियों से शिकायत मिलने के बाद संबंधित विषय के विशेषज्ञों से सलाह ली गयी है और शिकायत की सत्यता की जांच के बाद यह सुनिश्चित हुआ गया है।
अपनी विज्ञप्ति में काउंसिल ने कहा कि काउंसिल ने हमेशा ही परीक्षार्थियों को प्राथमिकता दी है। इस बार भी हम अपनी कड़ी नजरें बनाएं रखेंगे ताकि किसी भी परीक्षार्थी से उनका अधिकार न छिने।
2 परीक्षार्थी मोबाइल समेत पकड़े गए
उच्च माध्यमिक काउंसिल सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार (19 फरवरी) को राज्य भर में दो परीक्षार्थी परीक्षाकेंद्र पर मोबाइल समेत पकड़े गए। दोनों ही चौथे सेमेस्टर के परीक्षार्थी हैं। इनमें से एक इस्लामगंज हाई मदरसा का छात्र है जो गणित की परीक्षा बांगालझी स्वामी विवेकानंद विद्यामंदिर, नदिया में दे रहा था। दूसरा जादवपुर सम्मिलित बालिका विद्यालय का परीक्षार्थी है जो गणित की परीक्षा आदर्श बालिका शिक्षायतन, कोलकाता में दे रहा था।