🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

युवक ने माता-पिता और छोटे भाई की हत्या की, 5 साल का भतीजा गंभीर

मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए जा रहे युवक का खौफनाक कदम, अभियुक्त हिरासत में

By डॉ अभिज्ञात

Feb 19, 2026 19:45 IST

बैतूल : मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में गुरुवार को 25 साल के एक युवक ने कथित रूप से अपने माता-पिता और छोटे भाई की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस हमले में उसका 5 साल का भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर कोतवाली थाना क्षेत्र के सांगा गांव में हुई।

पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र कुमार जैन ने बताया कि दीपक धुर्वे ने अपने पिता राजू उर्फ हंसू धुर्वे (55), मां कमलती धुर्वे (40) और भाई दिलीप धुर्वे (20) को पीट-पीटकर मार डाला। दीपक ने अपने 5 साल के भतीजे प्रशांत पार्टे पर भी हमला किया, जिसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस के मुताबिक दोपहर तक जब घर से कोई बाहर नहीं निकला और दरवाजा भी नहीं खुला तो पड़ोसियों को शक हुआ। दरवाजा तोड़कर अंदर जाने पर उन्होंने देखा कि तीनों शव घर में पड़े थे और दीपक उनके पास चुपचाप बैठा था। वहां एक मरी हुई बिल्ली भी मिली, जिसे भी संभवतः उसी ने मारा था।

पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि दीपक कई साल से मानसिक रूप से अस्थिर था और हाल ही में महाराष्ट्र के नागपुर से इलाज कराकर लौटा था। पड़ोसियों के अनुसार दीपक परिवार का सबसे बड़ा बेटा था, पढ़ाई में होशियार था और उसने सुरक्षा बलों की भर्ती परीक्षा भी दी थी।

कोतवाली थाना प्रभारी देवकरण दहेरिया ने बताया कि अभियुक्त को हिरासत में ले लिया गया है। घटनास्थल से लोहे की रॉड और डंडे बरामद किए गए हैं। उसके स्वास्थ्य से जुड़े दस्तावेजों की जांच के बाद ही उसकी मानसिक स्थिति के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल पाएगी।

Prev Article
चांद दिखते ही शुरू हुआ रमजान, देशभर में इबादत का माहौल
Next Article
फुटबॉल खेलते वक्त अचानक पड़ा दिल का दौरा, शिलॉन्ग के सांसद ने मैदान में ही तोड़ा दम

Articles you may like: