पिछले कुछ दिनों में कोलकाता व उपनगरीय इलाकों में गोलीबारी की घटनाएं अक्सर घट रही हैं। कसबा, बरानगर से लेकर विभिन्न इलाकों में ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कभी पार्षद तो कभी व्यवसायी और कभी राजनैतिक संघर्ष में आम लोगों को निशाना बनाने का आरोप लगता रहा है।
कोलकाता से भी कई बार अवैध हथियारों को बरामद किया जा चुका है। लेकिन हथियारों की सप्लाई कहां से हो रही है? इसका पता लगाने के लिए कोलकाता पुलिस की एसटीएफ (Kolkata Police STF) के अधिकारियों ने एक बार फिर से बिहार में अभियान चलाया।
मिली जानकारी के अनुसार बिहार के भागलपुर में STF की टीम ने तलाशी अभियान चलाया। बताया जाता है कि वहां अवैध हथियारों के एक बड़े कारखाना का पता चला है। विधानसभा चुनावों से पहले इस तरह के कारखाने का पता चलना अपने-आप में ही एक बड़ी सफलता मानी जा रही है। मौके पर मकान मालिक समेत हथियारों के 5 कारोबारियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही भारी मात्रा में हथियार भी जब्त किया गया है।
कोलकाता पुलिस ने कुछ दिनों पहले ही गड़ियाहाट इलाके में एक ऑटो से कई हथियारों समेत एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। सूत्रों से प्राप्त जानकारी में बताया गया कि उक्त हथियार को गया से कोलकाता में तस्करी की गयी थी। गिरफ्तार व्यक्ति से पूछताछ तक जांच अधिकारियों के हाथ कई जानकारियां लगी।
बताया गया कि राज्य के उपनगरीय शहरों की सुनसान गलियों में अलग-अलग हिस्सों को जोड़ कर पूरा हथियार तैयार किया जाता था। लेकिन बिहार से आने वाले हथियार जमालपुर ट्रेन से हावड़ा होकर कोलकाता लाए जाते थे। बिहार से कई बार बस रूट से भी बाबुघाट या एस्प्लेनेड होकर हथियारों की तस्करी की जाती थी। वहां से हथियारों की विभिन्न जगहों पर डिलिवरी कर दी जाती थी।
इसी वजह से एस्प्लेनेड, सुरेंद्र नाथ कॉलेज के सामने आदि इलाकों से हथियारों समेत लोगों को गिरफ्तार किया गया था। बताया जाता है कि सूत्रों से जानकारी मिलने के बाद बिहार के भागलपुर जिले के मधुसुदनपुर थाना इलाके के एक घर में कोलकाता की STF की टीम ने छापेमारी की। मकान मालिक का नाम नासिर अंसारी बताया जाता है।
इसी मकान के नीचले तल में हथियार बनाने का कारखाना था। मंगलवार की शाम को बिहार पुलिस की STF, मधुसुदनपुर थाना को साथ लेकर कोलकाता पुलिस की STF की टीम ने छापेमारी की। बाहर से देखने पर किसी को पता भी नहीं चल पाता था कि मकान के अंदर क्या काम किया जा रहा है।
मौके से माइलिंग मशीन, ड्रील मशीन, हैंड ग्राइंडर आदि के साथ ही भारी मात्रा में निर्मित हथियारों को बरामद किया गया। कुछ अर्द्धनिर्मित अवस्था में भी वहां हथियार मिले थे। इसके बाद ही वहां मैराथन तलाशी अभियान शुरू किया गया जिसमें 20 सेमी फिनिश 7.65 एमएम पिस्तौल, 8 पिस्तौल का बैरल, लेद मशीन, ड्रील मशीन, दो माइलिंग मशीन, ग्राइंडिंग-पॉलिशिग मशीन, हैंड ग्राइंडर समेत हथियार बनाने का भारी मात्रा में कच्चा सामान भी बरामद किया गया।
जिन 5 लोगों को मौके से गिरफ्तार किया गया है उनमें शामिल है -
मकान मालिक नासिर अंसारी
मोहम्मद मंजीर (21)
मोहम्मद शादाब अली उर्फ सद्दाम (32)
मोहम्मद असलम उर्फ टिंकू (41)
मोहम्मद शमशेर आलम उर्फ छोटू (36)
मोहम्मद शहनवाज (25)
गिरफ्तारों में से मोहम्मद मंजीर का घर बिहार के भागलपुर जिले में ही है। बाकी सभी मुंगेर जिले के कासीमबाजार के रहने वाले बताए जाते हैं।