नई दिल्ली : राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने जेईई (मेन) 2026 सत्र 1 पेपर 1 (बी.ई./बी.टेक.) के परिणाम घोषित कर दिए हैं। इस परीक्षा में 12 अभ्यर्थियों ने पूर्ण 100 एनटीए स्कोर (पर्सेंटाइल) हासिल किया है। परीक्षा में कुल उपस्थिति 96.26 प्रतिशत दर्ज की गई। एनटीए ने संयुक्त प्रवेश परीक्षा (मेन) 2026 सत्र 1 (जनवरी) के पेपर 1 (बी.ई./बी.टेक.) का आयोजन 326 शहरों (भारत के बाहर के 15 शहरों सहित) के 658 परीक्षा केंद्रों पर किया।
परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित की गई। यह 13 भाषाओंअसमिया, बंगाली, अंग्रेजी, गुजराती, हिंदी, कन्नड़, मलयालम, मराठी, ओड़िया, पंजाबी, तमिल, तेलुगु और उर्दू में आयोजित हुई।
जारी विज्ञप्ति के अनुसार जेईई (मेन) 2026 पेपर 1 (बी.ई./बी.टेक.) में 12 अभ्यर्थियों ने 100 एनटीए स्कोर (पर्सेंटाइल) प्राप्त किया। शीर्ष स्कोर करने वालों में श्रेयस मिश्रा (दिल्ली-एनसीटी), नरेंद्रबाबू गारी महित और पसाला मोहित (आंध्र प्रदेश) तथा शुभम कुमार (बिहार) सहित अन्य शामिल हैं। टॉपर्स सूची में 11 अभ्यर्थी सामान्य श्रेणी से और 1 अभ्यर्थी ओबीसी-एनसीएल श्रेणी से है।
परीक्षा 21, 22, 23, 24 और 28 जनवरी को आयोजित की गई थी। कुल 13,55,293 अभ्यर्थियों ने परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया, जिसमें विदेशों के शहरों से पंजीकरण करने वाले अभ्यर्थी भी शामिल हैं। इनमें से 13,04,653 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जिससे कुल उपस्थिति 96.26 प्रतिशत रही। परीक्षा 15 अंतरराष्ट्रीय शहरों मनामा, दोहा, दुबई, काठमांडू, मस्कट, रियाद, शारजाह, सिंगापुर, कुवैत सिटी, कुआलालंपुर, लागोस, वेस्ट जावा, वॉशिंगटन, म्यूनिख और अबू धाबी में भी आयोजित की गई।
पेपर 1 (बी.ई./बी.टेक.) के एनटीए स्कोर/परिणाम आज घोषित किए जा रहे हैं। जेईई (मेन) 2026 पेपर 2 (बी.आर्क./बी.प्लानिंग) के परिणाम बाद में घोषित किए जाएंगे। सामान्य श्रेणी में 1,65,622 महिला और 3,08,011 पुरुष अभ्यर्थी थे, कुल 4,73,633। जनरल-ईडब्ल्यूएस श्रेणी में 53,824 महिलाएं और 1,10,436 पुरुष, कुल 1,64,260 पंजीकृत थे। ओबीसी-एनसीएल (केंद्रीय सूची) में 1,86,607 महिला और 3,47,364 पुरुष, कुल 5,33,971 अभ्यर्थी थे। अनुसूचित जाति (एससी) श्रेणी में 46,440 महिलाएं और 90,767 पुरुष, कुल 1,37,207 अभ्यर्थी थे। अनुसूचित जनजाति (एसटी) श्रेणी में 15,324 महिला और 30,898 पुरुष, कुल 46,222 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। कुल मिलाकर 13,55,293 पंजीकृत अभ्यर्थियों में 4,67,817 महिलाएं और 8,87,476 पुरुष शामिल थे।
एनटीए स्कोर बहु-शिफ्ट परीक्षा में उपस्थित सभी अभ्यर्थियों के सापेक्ष प्रदर्शन पर आधारित सामान्यीकृत स्कोर होता है। प्रत्येक शिफ्ट के अंकों को 100 से 0 के पैमाने पर परिवर्तित किया जाता है। एनटीए स्कोर प्राप्त अंकों के प्रतिशत के समान नहीं होता।
दोनों सत्रों की परीक्षा पूर्ण होने के बाद, पेपर 1 के लिए दोनों में से सर्वश्रेष्ठ एनटीए स्कोर को ध्यान में रखते हुए अंतिम रैंक जारी की जाएगी। परीक्षा के सुचारु संचालन और निगरानी के लिए एनटीए ने विभिन्न स्तरों पर व्यापक व्यवस्थाएं कीं तथा राज्य और जिला प्रशासन का सहयोग लिया। पंजीकरण प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों के प्रमाणीकरण के लिए पहली बार ओटीपी आधारित आधार ई-केवाईसी को प्रमुख माध्यम के रूप में लागू किया गया ताकि प्रतिरूपण (इम्पर्सोनेशन) रोका जा सके। अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों को परीक्षा के नियमों से अवगत कराने हेतु जेईई (मेन) 2026 के लिए महत्वपूर्ण परामर्श एवं निर्देश प्रवेश पत्र में शामिल किए गए।
सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा कर्मियों की यादृच्छिक तैनाती पर विशेष जोर दिया गया। कुल 311 सिटी कोऑर्डिनेटर, 726 पर्यवेक्षक, 311 फ्लाइंग स्क्वॉड तथा केंद्र सरकार की विभिन्न एजेंसियों के 215 प्रतिनिधि परीक्षा ड्यूटी पर तैनात किए गए। परीक्षा शुरू होने से पूर्व लगातार तीन दिनों तक सभी परीक्षा कर्मियों के लिए ऑनलाइन ओरिएंटेशन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 1400 कर्मियों ने भाग लिया।
एनटीए मुख्यालय में एक केंद्रीय नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया, जहां से परीक्षा की निगरानी की गई। सभी केंद्रों पर लाइव सीसीटीवी निगरानी और विश्लेषण की व्यवस्था की गई तथा दूरस्थ स्थानों की लाइव मॉनिटरिंग भी की गई। परीक्षा के बाद अनियमितताओं की पहचान के लिए सीसीटीवी रिकॉर्डिंग का उपयोग किया गया। एआई आधारित वीडियो एनालिटिक्स और वर्चुअल ऑब्जर्वर के माध्यम से भी परीक्षा केंद्रों की निगरानी की गई। सभी केंद्रों पर मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के दुरुपयोग को रोकने के लिए जैमर लगाए गए, जिनमें नवीनतम 5जी जैमर भी शामिल थे।
एनटीए ने दिव्यांगजन के लिए एक समिति गठित की और दिव्यांग अभ्यर्थियों को अनुकूल परीक्षा केंद्र और आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रश्नपत्र, अभ्यर्थियों की रिकॉर्डेड प्रतिक्रियाएं और अस्थायी उत्तर कुंजी वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई। विषय विशेषज्ञों द्वारा सत्यापन के बाद संशोधित उत्तर कुंजी भी प्रकाशित की गई। एनटीए ने प्रतिष्ठित जेईई (मेन) 2026 सत्र 1 के सफल आयोजन में सहयोग के लिए केंद्र सरकार की एजेंसियों, राज्य एवं जिला प्रशासन, परीक्षा कर्मियों और सभी अभ्यर्थियों का आभार व्यक्त किया।