🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

आयकर विभाग के नाम पर भेजे जा रहे फर्जी ईमेल, SilverFox हैकर समूह ने भारतीयों को बनाया निशाना

साइबर सुरक्षा एजेंसी Kaspersky की चेतावनी, टैक्स वायलेशन मेल खोलते ही डिवाइस में घुस रहा मैलवेयर।

By रजनीश प्रसाद

May 09, 2026 15:53 IST

नई दिल्ली : भारतीय इंटरनेट उपयोगकर्ताओं को निशाना बनाकर एक नए साइबर हमले की चेतावनी जारी की गई है। साइबर सुरक्षा कंपनी Kaspersky ने बताया है कि ‘सिल्वरफॉक्स’ नाम का एक हैकर समूह आयकर विभाग के नाम पर फर्जी ईमेल भेजकर लोगों के डिवाइस में मैलवेयर डालने की कोशिश कर रहा है।

रिपोर्ट के अनुसार हैकर ऐसे ईमेल भेज रहे हैं जो देखने में बिल्कुल भारतीय आयकर विभाग के आधिकारिक मेल जैसे लगते हैं। इन ईमेल में दावा किया जाता है कि संबंधित व्यक्ति के खिलाफ टैक्स नियमों के उल्लंघन का मामला सामने आया है। साथ ही एक आर्काइव फाइल डाउनलोड करने के लिए कहा जाता है जिसमें कथित तौर पर ‘टैक्स वायलेशन’ की जानकारी होने की बात लिखी रहती है।

जैसे ही कोई उपयोगकर्ता उस फाइल को डाउनलोड और ओपन करता है, साइबर हमला शुरू हो जाता है। साइबर विशेषज्ञों के मुताबिक यह हमला बेहद खतरनाक और योजनाबद्ध तरीके से किया जा रहा है।

Kaspersky की ग्लोबल रिसर्च एंड एनालिसिस टीम (GReAT) ने बताया कि इस तरह के हमले का पहला मामला दिसंबर 2025 में सामने आया था। शुरुआत में भारतीय आयकर विभाग के नाम से फर्जी ईमेल भेजे गए। इसके बाद जनवरी 2026 में इसी तरह के साइबर हमले रूस और फिर इंडोनेशिया में भी देखे गए।

सुरक्षा एजेंसी के अनुसार यह APT यानी एडवांस्ड परसिस्टेंट थ्रेट प्रकार का हमला है। ऐसे साइबर हमले लंबे समय तक और बेहद गुप्त तरीके से चलाए जाते हैं। इसके जरिए हैकर किसी कंप्यूटर का रिमोट कंट्रोल अपने हाथ में ले सकते हैं और संवेदनशील जानकारी चुरा सकते हैं।

रिपोर्ट में बताया गया है कि फाइल डाउनलोड होते ही एक बदला हुआ Rust-आधारित लोडर सक्रिय हो जाता है। इसके बाद यह ValleyRAT नाम का बैकडोर इंस्टॉल करता है, जिससे हैकर डिवाइस तक पहुंच बना लेते हैं। जांच के दौरान एक नए Python-आधारित बैकडोर का भी पता चला है, जिसे ABCDoor नाम दिया गया है।

साइबर विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि किसी भी संदिग्ध ईमेल, अज्ञात लिंक या डाउनलोड फाइल को बिना जांचे न खोलें। खासकर टैक्स, बैंकिंग या सरकारी विभागों के नाम पर आने वाले मेल को ध्यान से जांचना जरूरी है।

Articles you may like: