पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के तौर पर शुभेंदु अधिकारी ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में शपथ लेंगे। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में शुभेंदु अधिकारी तथा राज्य की पूरी भाजपा मंत्रिपरिषद शपथ लेने वाली है।
शपथग्रहण समारोह में हिस्सा लेने के लिए 23 राज्यों के मुख्यमंत्री और कई केंद्रीय मंत्री भी सुबह से ही कोलकाता पहुंच रहे हैं जो इस समय ब्रिगेड परेड मैदान में आयोजित मंच पर मौजूद हैं। मंच पर वरिष्ठ भाजपा नेता माखनलाल सरकार भी उपस्थित हैं, जो पार्टी सूत्रों के अनुसार श्यामा प्रसाद मुखर्जी की कश्मीर यात्रा में उनके सहयात्री भी रहे थे।
#WATCH | Kolkata | Prime Minister Narendra Modi and CM-designate Suvendu Adhikari pay tribute to Gurudev Rabindranath Tagore on his birth anniversary pic.twitter.com/0f2FiHRAWJ
— ANI (@ANI) May 9, 2026
इसके साथ ही मंच पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, पूर्व केंद्रीय मंत्री तथा एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा, स्मृति ईरानी, शिवराज सिंह चौहान, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती सहित केंद्र और राज्य भाजपा के कई प्रमुख नेता उपस्थित हैं।
इसके अलावा सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग, मणिपुर के मुख्यमंत्री प्रेमचंद सिंह, नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो और अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू भी उपस्थित हैं।