आज बंगाल के 9वें और भाजपा सरकार के पहले मुख्यमंत्री के तौर पर शुभेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं। कल (शुक्रवार) अमित शाह ने भाजपा के सभी विजयी विधायकों, केंद्रीय मंत्रियों व अन्य नेताओं के साथ एक बैठक की जिसमें मुख्यमंत्री पद के लिए लोकतांत्रिक रूप से शुभेंदु अधिकारी के नाम पर सभी ने मुहर लगायी।
शुभेंदु अधिकारी के नाम की घोषणा करते हुए अमित शाह ने कहा कि उनके अलावा और किसी के नाम का प्रस्ताव भी नहीं आया था। शुभेंदु अधिकारी के राजनीतिक बैकग्राउंड के बारे में तो लगभग सभी को पता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि शुभेंदु अधिकारी कितनी संपत्ति के मालिक है? उनके पास कितना कैश और कितने का लग्जरी सामान है?
चुनावी हलफनामे में की थी घोषणा
साल 2026 के विधानसभा चुनाव के लिए दाखिल हलफनामे के हवाले से मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि शुभेंदु अधिकारी की संपत्ति दो हिस्सों में बंटी हुई है - चल और अचल। उनके पास कुल 85 लाख 87 हजार रुपए की संपत्ति बतायी जाती है।
कितनी है नगद?
abp news की मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बंगाल के भावी मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पास मात्र ₹12,000 नगद है। उनके नाम पर न तो कोई निजी गाड़ी है और न ही उन्होंने अपने पास सोने-चांदी के गहने होने का खुलासा किया है। बताया जाता है कि उनकी चल संपत्ति की कीमत करीब 24 लाख 57 हजार रुपए है। बताया जाता है कि शुभेंदु अधिकारी ने अपने 14 बैंक अकाउंट होने की घोषणा की है, जिसमें कुल जमा 7 लाख 34 हजार रुपया बताया है।
6 पॉलिसी और अचल संपत्ति
मिली जानकारी के अनुसार शुभेंदु अधिकारी के पास करीब 6 इंश्योरेंस पॉलिसी हैं जिनकी कीमत लगभग 7 लाख 71 हजार रुपए बतायी जाती है। इसके अलावा उन्होंने नेशनल सेविंग्स सर्टिफिकेट में 5 लाख 45 हजार रुपया और किसान विकास पत्र में 2 लाख 60 हजार रुपए का निवेश किया है।
बात अगर शुभेंदु अधिकारी की अचल संपत्ति की हो तो उनके पास कुल 61 लाख 30 हजार रुपए की अचल संपत्ति बतायी जाती है। उनकी अधिकांश अचल संपत्ति पूर्व मिदनापुर जिले में बतायी जाती है जो लंबे समय से अधिकारी परिवार का राजनीतिक गढ़ रहा है।
नंदीग्राम में शुभेंदु अधिकारी की 9 लाख रुपए की कृषि भूमि है। इसके अलावा उनकी गैर-कृषि भूमि भी है जिसकी कीमत 27.5 लाख रुपए आंकी गयी है। कई फ्लैट्स और पैतृक मकान को मिलाकर शुभेंदु अधिकारी की कुल संपत्तियों की कीमत लगभग 24 लाख 75 हजार रुपए बतायी गयी है।
क्या है कमाई का जरिया?
चुनावी हलफनामे के मुताबिक वित्तीय वर्ष 2024-25 के दौरान शुभेंदु अधिकारी की कुल आय 17 लाख 38 हजार रुपए से ज्यादा थी। उनकी कमाई का मुख्य माध्यम विधायक के तौर पर मिलने वाला वेतन, पूर्व सांसद के तौर पर मिलने वाला पेंशन और व्यवसाय है। गौर करने वाली बात है कि शुभेंदु अधिकारी पर कोई कर्ज या देनदारी नहीं है।