🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

LIVELive : शुभेंदु अधिकारी का शपथ ग्रहण आज, योगी आदित्यनाथ पहुंचे कोलकाता, देखें Video

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद के शपथ ग्रहण समारोह से जुड़ा हर अपडेट जानिए यहां

By Moumita Bhattacharya

May 09, 2026 08:35 IST
2026-05-09 10:17

योगी आदित्यनाथ पहुंचे कोलकाता

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कोलकाता पहुंच चुके हैं। वह शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। इससे पहले विधानसभा चुनाव के दौरान प्रचार के लिए भी वह कई बार पश्चिम बंगाल आ चुके हैं। वहीं केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा और राजनाथ सिंह पहले ही कोलकाता पहुंच चुके हैं। सभी अब होटल से ब्रिगेड परेड मैदान के लिए रवाना हो रहे हैं।

2026-05-09 10:14

निर्धारित समय से एक घंटा पहले कोलकाता पहुंचे प्रधानमंत्री

शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोलकाता पहुंच चुके हैं। कोलकाता एयरपोर्ट पर वह लैंड कर चुके हैं। बताया जाता है कि अब चॉपर से वह ब्रिगेड परेड मैदान के लिए रवाना होंगे।

2026-05-09 09:57

शुभेंदु अधिकारी के पैतृक निवास के सामने विशेष आयोजन

थोड़ी देर बाद ही बंगाल के मसनद पर बैठेंगे भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी। कोलकाता में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के सीधा प्रसारण के लिए पूर्व मिदनापुर के कांथी में उनके घर के सामने जाएंट स्क्रीन लगाया गया है। अब कांथी के लोग शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण का सीधा प्रसारण उनके घर शांतिकुंज के सामने देख सकेंगे।

2026-05-09 09:40

ब्रिगेड मैदान के लिए रवाना हुए शुभेंदु अधिकारी

शपथ ग्रहण के लिए कोलकाता के चिनार पार्क इलाके में स्थित अपने आवास से ब्रिगेड परेड मैदान के लिए बंगाल के भावी मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी रवाना हो चुके हैं।

2026-05-09 09:30

बिहार और दिल्ली की मुख्यमंत्री पहुंची कोलकाता

शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता कोलकाता पहुंच चुकी हैं।

2026-05-09 09:26

शपथ के मंच पर मां दुर्गा और रवींद्र नाथ टैगोर

आज कविगुरु रवींद्र नाथ टैगोर की जयंती है। इस खास दिन को राज्य में भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के लिए चुना गया है। शपथ ग्रहण समारोह के मंच पर मां दुर्गा की प्रतिकृति के साथ-साथ रवींद्र नाथ टैगोर की फोटो और कालीघाट मंदिर का फोटो भी मौजूद है। सुबह से ही ब्रिगेड में लाउड स्पीकर पर रवींद्र संगीत बजाया जा रहा है।

2026-05-09 09:14

ब्रिगेड के मैदान में भी झालमुड़ी स्टॉल

झारग्राम में चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झालमुड़ी का स्वाद चखा था। बाद में इसे केंद्र कर काफी आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी चला। अब एक बार फिर से झालमुड़ी चर्चाओं में छा गया है। ब्रिगेड के शपथ ग्रहण समारोह में भी झालमुड़ी का स्टॉल बनाया गया है जहां समर्थक सुबह से ही इसका स्वाद चख रहे हैं।

2026-05-09 08:54

शपथ ग्रहण समारोह को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर

कोलकाता में ब्रिगेड के परेड मैदान में भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह को केंद्र तक पार्टी के कार्यकर्ताओं में बेहद उत्साह देखा जा रहा है। राज्य के विभिन्न जिलों, बिहार, झारखंड आदि से भी बड़ी संख्या में भाजपा समर्थकों के कोलकाता पहुंचने की खबरें सामने आ रही हैं। जिस समय भाजपा का शपथ ग्रहण समारोह होगा, तब स्थानीय स्तर पर भाजपा कार्यकर्ताओं की तरफ से लड्डू वितरित करने की योजना है।

2026-05-09 08:50

कोलकाता एयरपोर्ट पर बढ़ी चहल-पहल

शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह के मद्देनजर कोलकाता एयरपोर्ट पर VIP मूवमेंट काफी बढ़ गया है। समारोह में हिस्सा लेने वाले भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो चुका है। मेघालय के मुख्यमंत्री कोनरद संगमा और भाजपा नेता स्मृति ईरानी कोलकाता पहुंच चुकी हैं। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को ही कोलकाता आ गए थे।

2026-05-09 08:41

मुख्यमंत्री पद शपथ-ग्रहण समारोह आज

भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी आज बंगाल के पहले भाजपा मुख्यमंत्री पद की शपथ कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में लेने वाले हैं। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, जे. पी. नड्डा समेत अन्य वरिष्ठ भाजपा नेताओं और करीब 20 राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। समारोह सुबह 11 बजे से शुरू होगा।

2026-05-09 08:32

शुभेंदु अधिकारी का शपथ ग्रहण समारोह आज

9 मई रवींद्र जयंती के मौके पर पश्चिम बंगाल में भाजपा के नेतृत्व में सरकार का गठन किया जा रहा है। शुभेंदु अधिकारी भाजपा सरकार के पहले मुख्यमंत्री बनने वाले हैं। ब्रिगेड के परेड मैदान में आज शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जा रहा है जिसमें संभावना है कि राज्य नव-निर्वाचित मंत्रिमंडल के सदस्य भी शपथ ग्रहण करेंगे।

Articles you may like: