जयपुरः सीकर के होटल व्यवसायी से रंगदारी मांगने का एक और मामला सामने आया है। सरगोठ स्थित मकराना राज होटल के संचालक गंगा सिंह शेखावत को रोहित गोदारा गैंग से धमकी मिली है। बताया जा रहा है कि 4 और 6 मई को विदेशी नंबरों से कॉल किए गए। कॉल करने वाले ने खुद को रोहित गोदारा गैंग का सदस्य वीरेंद्र चारण बताया। करीब 4 मिनट तक तक चले कॉल के दौरान आरोपी ने कई बार जान से मारने की धमकी दी। साथ ही मोबाइल पर टेक्स्ट मैसेज और वॉइस नोट भेजकर भी डराने की कोशिश की गई। 2 दिनों के भीतर यह दूसरा मामला है, जब राजस्थान में व्यवसायी से रंगदारी मांगी गई है। शुक्रवार (8 मई) को भी जयपुर के एक नामी ज्वेलर को भी ऐसे वॉयस नोट के जरिए धमकी दी गई थी। चौंकाने वाली बात यह है कि कॉलर ने खुद को गैंगस्टर वीरेंद्र चारण ही बताया था।
इलाके में दहशत, कारोबारी भी डरे हुए
लगातार मिल रही धमकियों के बाद होटल व्यवसायी और उनका परिवार डरा हुआ है। वहीं, शेखावाटी में लगातार धमकी भरे कॉल और उसमें रोहित गोदारा गैंग के कनेक्शन की बात सामने आने से दहशत का माहौल है। गंगा सिंह शेखावत की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. विदेशी नंबरों और भेजे गए मैसेज की भी जांच-पड़ताल की जा रही है।
श्रीमाधोपुर थाना अधिकारी को सौंपी गई जांच
मामले की जांच श्रीमाधोपुर थाना अधिकारी महेंद्र सिंह को सौंपी गई है। हालांकि, सुरक्षा कारणों से पुलिस फिलहाल इस मामले में सार्वजनिक रूप से कुछ भी कहने से बच रही है। वहीं, होटल व्यवसायी गंगा सिंह शेखावत भी फिलहाल मीडिया से दूरी बनाए हुए हैं।