🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

शादी की रसमलाई खाने से 50 बच्चों समेत 75 लोग पहुंचे अस्पताल; स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

शादी समारोह की मिठाइयां खाने के बाद बच्चों समेत सौ से ज्यादा लोग लोग बीमार पड़ गए। जिनमें 75 लोगों को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया।

By लखन भारती

May 09, 2026 14:01 IST

जयपुरः राजस्थान के कोटपूतली-बेहरोर जिले में एक शादी समारोह में उस समय अफरा-तफरी में बदल गया, जब समारोह में परोसी गई मिठाइयां खाने के बाद 100 से अधिक लोग बीमार पड़ गए। एक एजेंसी के मुताबिक फूड पॉइज़निंग की आशंका के चलते बच्चों समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। बताया जा रहा है कि अस्पताल में 75 लोगों को ले जाया गया। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन में हड़कंप मच गया।

निजी वाहनों और एंबुलेंस से पहुंचाए गए अस्पताल

ग्रामीणों ने आनन-फानन में निजी वाहनों और एंबुलेंस की मदद से बच्चों और अन्य बीमार लोगों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पतालों में एक साथ बड़ी संख्या में मरीज पहुंचने पर चिकित्सा स्टाफ को अतिरिक्त व्यवस्थाएं करनी पड़ीं। डॉक्टरों ने सभी मरीजों का प्राथमिक उपचार शुरू किया और कई लोगों को निगरानी में रखा गया।

कई बच्चों को विशेष निगरानी में रखा गया

अस्पताल सूत्रों के अनुसार अधिकांश मरीजों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं, कुछ बच्चों को उल्टी और पेट दर्द की अधिक शिकायत होने पर विशेष निगरानी में रखा गया है।

स्वास्थ्य विभाग ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की टीम गांव पहुंची तथा पूरे मामले की जानकारी जुटाई। स्वास्थ्य विभाग ने प्रारंभिक जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई है। विभागीय अधिकारियों ने रसमलाई के नमूने लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।

बासी मिठाई खाने से बिगड़ी तबीयत की आशंका

ग्रामीणों का कहना है कि शादी समारोह की मिठाई काफी समय तक रखी हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि खराब हो चुकी मिठाई खाने से लोगों की तबीयत बिगड़ी। घटना के बाद गांव में चिंता और दहशत का माहौल बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और बासी खाद्य पदार्थों का सेवन नहीं करने की अपील की है।

Articles you may like: