🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

बिहारः किराना दुकान में आग, दो बच्चों समेत तीन जिंदा जले, पूर्वी चंपारण के गांव में मातम

दमकल की टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।

By लखन भारती

May 09, 2026 13:24 IST

पटनाः पूर्वी चंपारण जिले के ढाका प्रखंड अंतर्गत बड़हरवा फतेह मोहम्मद गांव में शुक्रवार देर रात भीषण अगलगी की घटना में दो मासूम बच्चों समेत तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और मातम का माहौल कायम हो गया।

जानकारी के अनुसार, गांव स्थित एक दो मंजिला होलसेल किराना दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी इमारत धू-धू कर जलने लगी। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में मौजूद लोग बाहर नहीं निकल सके। हादसे में दो बच्चों और दुकान में काम करने वाले एक स्टाफ की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

आग लगने के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें लगातार बढ़ती चली गईं। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

लाखों की संपत्ति जलने का अनुमान

हालांकि तब तक दुकान में रखा भारी मात्रा में किराना सामान, फर्नीचर और अन्य सामग्री पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस अगलगी में लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

घटना की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आग लगने के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी होगी, हालांकि प्रशासन ने जांच के बाद ही कुछ स्पष्ट होने की बात कही है।

गांव में मातम

घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और लोग इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं।

Articles you may like: