उत्तर कोलकाता के काशीपुर में एक दर्दनाक हादसे का शिकार होकर एक स्कूली छात्र की मौत हो गयी है। बताया जाता है कि शुक्रवार की सुबह स्कूल जाते समय बस की चपेट में आने से छात्र की मौत हो गयी। यह घटना काशीपुर थाना इलाके के सीआईटी मोड़ की बतायी जाती है। घटना के बाद से इलाके में काफी हंगामा मच गया है। घटना के बाद स्थानीय निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह करीब 10.45 बजे यह दुर्घटना घटी। बताया जाता है कि हर दिन की तरह साइकिल से बड़ानगर निवासी अरण्य चक्रवर्ती (14) स्कूल जा रहा था। वह काशीपुर केंद्रीय विद्यालय के कक्षा 9वीं का छात्र था। बताया जाता है कि बीटी रोड पर सीआईटी मोड़ के पास सड़क पार करते समय वह दुर्घटना का शिकार हो गया।
पीछे से आ रही 234 नंबर रुट की एक बस ने अचानक अपना नियंत्रण खो दिया। इसी बस की चपेट में आकर अरण्य दुर्घटना का शिकार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बस के सामने वाला बाया पहिया उसपर चढ़ गया।
मौके पर मौजूद लोग तुरंत घायल किशोर को स्थानीय एक नर्सिंग होम में लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दिन के व्यस्त समय में बीटी रोड पर इस दुर्घटना की वजह से स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आरोप लगाया जा रहा है कि व्यस्तता के समय उस क्षेत्र में कोई ट्रैफिक पुलिस मौजूद नहीं रहता है।
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंची पुलिस ने परिस्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस सूत्रों का दावा है कि बस को हिरासत में ले लिया गया है। यह दुर्घटना कैसे हुई, इसकी जांच की जा रही है।