BLO अधिकार सुरक्षा कमेटी का विरोध-प्रदर्शन, CEO ऑफिस के सामने मचा हंगामा

आरोप है कि विरोध-प्रदर्शन कर रहे BLO अधिकार सुरक्षा कमेटी के सदस्यों ने बैरिकेड तोड़कर अंदर प्रवेश करने की कोशिश की।

By Sayani Jowardar, Posted By : Moumita Bhattacharya

Dec 04, 2025 19:38 IST

BLO अधिकार सुरक्षा कमेटी के सदस्य डेपुटेशन जमा करने के लिए बीबीडी बाग स्थित CEO ऑफिस के सामने पहुंचे। बताया जाता है कि गुरुवार को कमेटी के सदस्य मृतक BLO के परिवारों के साथ विरोध-प्रदर्शन करने वहां जुलूस के आकार में पहुंचे थे। जैसे ही कमेटी के सदस्य जुलूस के आकार में वहां पहुंचे हंगामा मच गया। कमेटी के सदस्यों को शाम को 4 बजे CEO ऑफिस के अंदर डेपुटेशन जमा करने जाना था। लेकिन उससे पहले ही CEO ऑफिस परिसर अशांत हो गया।

आरोप है कि विरोध-प्रदर्शन कर रहे BLO अधिकार सुरक्षा कमेटी के सदस्यों ने बैरिकेड तोड़कर अंदर प्रवेश करने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस से उनकी तीखी झड़प हो गयी। इस घटना के बाद एक बार फिर से CEO ऑफिस की सुरक्षा पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

इससे पहले, BLO अधिकार सुरक्षा कमेटी के सदस्यों ने CEO ऑफिस के सामने अपनी कई मांगों के समर्थन में धरना दिया था। उस समय वह धरना पूरी रात जारी रहा। बाद में CEO ने उनसे बात की और उनका डेपुटेशन स्वीकार कर लिया। तब जाकर धरना खत्म हुआ था। गुरुवार को CEO ऑफिस परिसर का माहौल एक बार फिर गर्म हो गया।

नवंबर में पूर्व बर्दवान के मेमारी के चौक बलरामपुर के बूथ नंबर 278 की BLO नमिता हंसदार की मौत हो गई थी। उनकी मौत ब्रेन स्ट्रोक से हुई थी। परिवार का आरोप था कि वह काम का ज्यादा दबाव नहीं संभाल पायी और उनके साथ ऐसा हुआ। जानकारी के अनुसार गुरुवार को नमिता के परिवार के सदस्य भी BLO अधिकार सुरक्षा कमेटी के सदस्यों के साथ डेपुटेशन देने CEO ऑफिस पहुंचे थे। इसके अलावा वहां कई बीमार BLO के परिवार के सदस्य भी पहुंचे थे। कुछ लोग डेपुटेशन देने के लिए अंदर गए थे। आरोप है कि उसी समय बाहर अचानक कमेटी के कुछ अन्य सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया।

प्रदर्शनकारियों ने BLOs के लिए सुरक्षा, मेंटल हेल्थ केयर, बीमार BLO या मृतक BLO के परिवारों के लिए मुआवजे की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार मांग करने के बावजूद आयोग उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रहा है। इसलिए उन्होंने चुनाव आयोग के ऑफिस में अंदर घुसने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि उन्हें रोके जाने के बाद ही हंगामा शुरू हो गया।

प्रदर्शनकारियों में शामिल सी के सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि CEO हमारी मांगें सुनना नहीं चाहते। वह घंटों बैठा कर रखते हैं। कोई जवाब नहीं देते। हम यहां भीख मांगने नहीं आए हैं। हम अपनी मांगें रखने आए हैं। BLO पर काम का अत्यधिक दबाव डाला जा रहा है। उन्हें अमानवीय रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। हम इसे स्वीकार नहीं करेंगे। अगर इस बार कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिलता है तो आंदोलन को जारी रखा जाएगा। अगर उससे भी काम नहीं बना तो हम सड़क पर ही लेटे रहेंगे। देखते हैं ECI भागकर कहां जाती है?

Prev Article
अनिकेत महतो की पोस्टिंग का मामला अब सुप्रीम कोर्ट में पहुंचा, राज्य सरकार ने दायर किया मामला

Articles you may like: