कोलकाता में बढ़ी ठंड, कितना पर पहुंचा महानगर का तापमान? क्या बारिश फिर से ठंड में बनेगी बाधा?

उत्तरी हवाओं के प्रवेश करने में फिलहाल कोई बाधा नहीं है। इस वजह से अगले कुछ दिनों में तापमान के और भी नीचे जाने की संभावना जतायी जा रही है।

By Moumita Bhattacharya

Dec 04, 2025 09:54 IST

कोलकाता में अब ठंड दे रही है पूरी तरह से दस्तक। जी हां, अब यह बात पूरी तरह से कही जा सकती है, क्योंकि गुरुवार की सुबह कोलकाता की सबसे अधिक ठंडी सुबह रही। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार को कोलकाता का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। उत्तरी हवाओं के प्रवेश करने में फिलहाल कोई बाधा नहीं है। इस वजह से अगले कुछ दिनों में तापमान के और भी नीचे जाने की संभावना जतायी जा रही है। राज्य में कहीं भी फिलहाल बारिश होने की कोई संभावना नहीं है।

मौसम विभाग के अधिकारियों ने संभावना जतायी है कि गुरुवार की तरह ही शुक्रवार को भी दक्षिण बंगाल के जिलों में सुबह के समय कोहरा छाया रह सकता है। हालांकि तटवर्तीय जिलों में कोहरा अपेक्षाकृत तौर पर थोड़ा कम हो सकता है। लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही दृश्यता में भी वृद्धि होगी। गुरुवार की सुबह कोलकाता का न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो सामान्य से 0.1 डिग्री सेल्सियस कम बताया जाता है।

इससे पहले 27 नवंबर को महानगर का न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। बताया जाता है कि अगले 4-5 दिनों तक उत्तर व दक्षिण दोनों बंगाल में ही ठंड का असर बना रहेगा।

क्या बारिश बन सकती है ठंड में बाधा?

इस बारे में अलीपुर मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल बारिश होने की कोई संभावना नहीं है। उत्तर व दक्षिण दोनों बंगाल में ही मौसम विभाग ने बारिश की किसी भी संभावना से इनकार किया है। उत्तर बंगाल के जिलों का मौसम शुष्क बना रहेगा। बताया जाता है कि न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास ही बने रहने की संभावना है।

इसके साथ ही सर्दियां भी बनी रहेंगी। बताया जाता है कि तापमान में किसी बड़े बदलाव की फिलहाल कोई संभावना नहीं है। सुबह और रात के समय का न्यूनतम तापमान कम तो रहेगा लेकिन दिन में सूरज चढ़ने के साथ ही तापमान बढ़ेगी और गर्मी का अनुभव भी होगा।

Prev Article
हाई कोर्ट के फैसले पर अभिजीत गांगुली बोले - ‘मानवता नौकरी बचाने का आधार नहीं’”
Next Article
अनिकेत महतो की पोस्टिंग का मामला अब सुप्रीम कोर्ट में पहुंचा, राज्य सरकार ने दायर किया मामला

Articles you may like: