एक बार फिर से तेज गति ने दो जानें लील ली। शनिवार की देर रात को बेहला के ठाकुरपुकुर इलाके में तेज रफ्तार ट्रक ने डॉक्टरी के दो छात्रों को रौंद डाला जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गयी। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार डॉक्टरी के दोनों छात्र जोका के ESI अस्पताल में MBBS की पढ़ाई कर रहे थे। मृतक दोनों छात्र का नाम फैयाज मल्लिक और आनंद प्रियदर्शी बताया जाता है।
मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की देर रात को अपने दोस्त आनंद के साथ बाइक पर फैयाज घूमने निकला था। वापस लौटते समय ठाकुरपुकुर थाना के पूर्व पाड़ा जेम्स सरणी में वे दुर्घटना का शिकार हुए जब एक तेज रफ्तार ट्रक उन्हें रौंदते हुए चली गयी। घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है।
सीसीटीवी फुटेज में एक बाइक पर फैयाज और आनंद को आते हुए देखा जा सकता है और पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। दोनों बाइक सवार ट्रक के नीचे चले गए।
दुर्घटना के बाद स्थानीय निवासी मौके पर पहुंचे और दोनों छात्रों को अस्पताल ले जाया गया। हालांकि उनकी जान नहीं बचायी जा सकी और डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस फिलहाल ट्रक की तलाश कर रही है। दोनों मृतकों में से एक भांगड़ का रहने वाला और दूसरा हरिदेवपुर का निवासी बताया जाता है।