जाते-जाते एक बार फिर से वापस लौट आयी है ठंड। फिर से कोलकाता के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गयी है। पिछले 4-5 दिनों से राज्य के तापमान में वृद्धि हो रही थी लेकिन सरस्वती पूजा के दिन कोलकाता न्यूनतम तापमान फिर से 14 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। शनिवार की सुबह भी फिर से कोलकाता में तापमान लुढ़क गया है।
शनिवार को भी कोलकाता न्यूनतम तापमान 14.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। क्या फिर से पड़ने वाली है ठंड? लेकिन ठंड से अधिक परेशानी की वजह इस समय कोलकाता व हावड़ा में वायु की गुणवत्ता (AQI) है। दोनों शहरों के चुनिंदा इलाकों का एयर क्वालिटी इंडेक्स गंभीर बना हुआ है।
क्या अभी बनी रहेगी ठंड?
अलीपुर मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अगले 4 दिनों तक उत्तर बंगाल और कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल में ठंड बरकरार रहने वाली है। उत्तर बंगाल में दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कुचबिहार और उत्तर दिनाजपुर में जहां कोहरे की चेतावनी जारी की गयी है। वहीं अगले 7 दिनों तक राज्य में कहीं भी बारिश होने की कोई संभावना नहीं है। साथ ही तापमान में गिरावट के बारे में भी कोई पूर्वानुमान जारी नहीं किया गया है। सुबह और रात के समय ठंड महसूस हो सकती है लेकिन दिन चढ़ने के बाद गर्मी अनुभव होगी।
दम घोंट रही है हवा
वहीं दूसरी ओर कोलकाता और हावड़ा के कुछ चुनिंदा इलाकों में हवा ही घोंट रही है। बताया जाता है कि गत मंगलवार यानी 20 जनवरी को कोलकाता का AQI अचानक मौसम की सबसे खराब स्थिति में पहुंच गया। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पिछली बुधवार (21 जनवरी) को कोलकाता के अधिकांश इलाकों का AQI बहुत ही गंभीर स्थिति पर पहुंच गया था। सुबह के समय कोलकाता में सबसे खराब AQI जिन इलाकों में दर्ज हुआ था, उनमें शामिल है -
*रवींद्र भारती विश्वविद्यालय - AQI 355
*जादवपुर - AQI 313
*बालीगंज - AQI 311
बताया जाता है कि दोपहर के समय भी AQI में खास परिवर्तन नहीं हुआ। लगभग 2 दिनों बाद भी परिस्थिति में कुल खास बदलाव नहीं महसूस हो रहा है। राष्ट्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से मिली जानकारी के अनुसार 24 जनवरी (शनिवार) की दोपहर 12 कोलकाता के विभिन्न इलाकों में जैसा AQI रहा -
*बालीगंज - AQI 250
*फोर्ट विलियम्स - AQI 205
*जादवपुर - AQI 257
*रवींद्र भारती विश्वविद्यालय - AQI 264
*विक्टोरिया मेमोरियल - AQI 229
दोपहर 2 बजे के बाद भी इन इलाकों में हवा की गुणवत्ता खास बेहतर नहीं हुई। इन सबसे भी अधिक चिंता बढ़ा रहा है हावड़ा। हावड़ा के अन्य इलाकों जैसे बोटैनिकल गार्डन और दासनगर का AQI सामान्य से मॉडरेट रहा। लेकिन बेलुड़ मठ (AQI 219), पद्मपुकुर (AQI 258) और घुसुड़ी (AQI 310) ने पर्यावरणविदों की चिंता बढ़ा दी है।
जानकारों का कहना है कि गाड़ियों और परिवहन के साधनों, निर्माण कार्यों से उड़ने वाली धुल, कल-कारखानों से निकलने वाले धुआं ने कोलकाता और हावड़ा का दम घोंट दिया है। इस वजह से आम लोगों के स्वास्थ्य, खासकर वृद्ध और बच्चे की तबीयत पर नकारात्मक असर पड़ रहा है।
कलकत्ता हाई कोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेते हुए कोलकाता में प्रदूषण को लेकर मामला दर्ज कर लिया है। बताया जाता है कि इस मामले की अगली सुनवाई 28 जनवरी को होने वाली है। वहीं दूसरी ओर कोलकाता नगर निगम ने भी अब प्रदूषण से मुकाबले के लिए अपनी कमर कस ली है।