सुबह के ऑफिस टाइम में मेट्रो सेवाएं अगर बाधित होती हैं तो इसका सबसे बुरा असर ऑफिस और स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं को होती है। बुधवार की सुबह कोलकाता मेट्रो की ब्लू लाइन पर यात्री सेवाएं फिर से बाधित हुई। सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि सिग्नलिंग समस्या होने की वजह से मेट्रो सेवाएं बुधवार को बाधित हुई है।
बताया जाता है कि दक्षिणेश्वर के पास लाइन में सिग्नलिंग की समस्या सामने आयी है। इसकी वजह से फिलहाल दक्षिणेश्वर से मेट्रो सेवाएं उपलब्ध नहीं है। दिन की शुरुआत में ही मेट्रो सेवाएं प्रभावित होने की वजह से रोजमर्रा के यात्रियों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
मेट्रो रेल सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि फिलहाल मेट्रो सेवाएं आंशिक रूप से उपलब्ध है। वर्तमान में सिग्नलिंग समस्या की वजह से दक्षिणेश्वर से मेट्रो सेवाएं उपलब्ध नहीं है लेकिन बड़ानगर से मेट्रो सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध है। बताया जाता है कि अप व डाउन दोनों लाइन पर फिलहाल दक्षिणेश्वर में मेट्रो सेवाओं को बंद रखा गया है। जानकारी के अनुसार सुबह के व्यस्त समय में करीब 2 घंटों तक मेट्रो सेवाओं को बंद रखा गया था। हालांकि इस बाबत आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
दक्षिणेश्वर मेट्रो स्टेशन पर हो रही सिग्नलिंग की समस्या को ठीक करने के लिए मेट्रो के इंजीनियर मौके पर पहुंचे थे। युद्धकालिन तत्परता के साथ मरम्मत का काम शुरू किया गया। लगभग 2 घंटों की मेहनत के बाद मेट्रो सेवाओं को सामान्य किया जा सका है।
इसके बाद मेट्रो की ओर से विज्ञप्ति जारी कर कहा गया कि ब्लू लाइन पर मेट्रो सेवाएं अब सामान्य रूप से चल रही है। सुबह में दक्षिणेश्वर से मेट्रो पकड़ने आए बड़ी संख्या में यात्रियों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ा। मेट्रो यात्रियों का आरोप है कि ब्लू लाइन पर सिग्नलिंग की समस्या अब रोजमर्रा की बात हो गयी है।
गौरतलब है कि हुगली व उपनगरीय इलाकों से आने वाले बड़ी संख्या में मेट्रो यात्री इसी मेट्रो लाइन पर निर्भर करते हैं। इस वजह से शहरी इलाकों के साथ-साथ उपनगरीय इलाकों में भी रहने वाले यात्रियों को भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ा।