पिछले काफी समय से कवि सुभाष मेट्रो स्टेशन से ट्रेन को दमदम की ओर घुमाने में बड़ी ही कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था। इस वजह से मेट्रो सेवाओं पर भी असर पड़ रही थी। इस वजह से कोलकाता मेट्रो रेल प्रबंधन ने क्रॉसओवर का निर्माण करने का फैसला लिया था ताकि दमदम से शहीद खुदीराम मेट्रो स्टेशन पर ट्रेन पहुंचने के बाद मेट्रो की रेक को घुमाने में कोई समस्या न हो। इसके साथ ही यात्री सेवाएं भी सामान्य रूप से संचालित हो सकेंगी।
गत वर्ष जुलाई के महीने में न्यू गड़िया स्टेशन से सटे कवि सुभाष मेट्रो स्टेशन के खंभे में दरार नजर आने के बाद उसे बंद करने का फैसला लिया गया था। उस स्टेशन से यात्रियों की आवाजाही बंद होने के बाद ब्लू लाइन पर मेट्रो को घुमाने में समस्याएं शुरू हुई थी। परिस्थिति को संभालने के लिए मेट्रो प्रबंधन शहीद खुदीराम मेट्रो स्टेशन से मेट्रो को घुमाने का फैसला लिया था।
इस व्यवस्था को तैयार करने में लंबा समय लग गया। ऐसी स्थिति में बार-बार दमदम की ओर मेट्रो को घुमाने में समस्या हो रही थी। मेट्रो के संचालन में भी देर हो रही थी।
News 18 की मीडिया रिपोर्ट में मेट्रो रेल सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि आखिरकार खुदीराम मेट्रो स्टेशन पर क्रॉसओवर का काम पूरा कर लिया गया है। बताया जाता है कि पिछले लगभग 10 दिनों से मेट्रो को शहीद खुदीराम से ही घुमाकर दमदम-दक्षिणेश्वर की ओर चलाया जा रहा है।
मेट्रो सूत्रों से मिली जानकारी के अनुासर सिग्नलिंग या किसी अन्य प्रकार से कोई समस्या हो रही है या नहीं, प्रयोगात्मक तरीके से इसकी जांच कर ली गयी है। बताया जाता है कि ऐसी कोई समस्या अभी तक नजर नहीं आयी है। दावा किया जा रहा है कि फिलहाल यहां धीरे-धीरे मेट्रो को घुमाया जा रहा है और जल्द ही मेट्रो को यहां से तेजी से घुमाया जा सकेगा।
मेट्रो प्रबंधन का मानना है कि शुरुआत में यह प्रक्रिया अधिक सरल तो नहीं होगी। शुरुआत में सिग्नलिंग और प्वाएंट में कई तरह की समस्याएं भी आ सकती हैं लेकिन संभावना जतायी जा रही है कि धीरे-धीरे पूरी प्रक्रिया आसान बन जाएगी। समस्याएं और उनके समाधान के लिए बार-बार पूरी प्रक्रिया की जांच की जा रही है ताकि यात्री सेवाओं को बेहतर बनाया जा सकें।