सत्यजित रे फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (मानित विश्वविद्यालय) की राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गयी। इस बैठक को संस्थान के कुल सचिव दीपक कुमार के तत्वावधान में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. संजय जायसवाल, एसोसिएट प्रोफेसर, विद्यासागर विश्वविद्यालय उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य भारत सरकार की राजभाषा नीति का अनुपालन सुनिश्चित करना तथा संस्थान में राजभाषा हिंदी में काम-काज को बढ़ावा देना है। इस अवसर पर विभिन्न विभागों में हिंदी के प्रयोग की प्रगति एवं भावी कार्य-योजना पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में कुलसचिव ने कहा कि संस्थान का हिंदी अनुभाग राजभाषा हिंदी में कार्य-व्यवहार की वृद्धि के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों एवं अनुभाग प्रमुखों से प्रशासनिक एवं शैक्षणिक कार्यों में अधिकाधिक हिंदी के प्रयोग का अनुरोध किया।
मुख्य अतिथि डॉ. संजय जायसवाल ने अपने संबोधन में राजभाषा हिंदी के प्रभावी कार्यान्वयन पर बल देते हुए कहा कि हिंदी के माध्यम से कार्य करने से न केवल प्रशासनिक दक्षता बढ़ती है बल्कि यह सांस्कृतिक पहचान को भी सुदृढ़ करता है। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने संस्थान में राजभाषा हिंदी के प्रयोग को और अधिक सशक्त बनाने के लिए अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किए।