शुक्रवार 23 जनवरी को सरस्वती पूजा है। इसके साथ ही नेताजी सुभाष चंद्र बोस का जन्म दिन...सुबह से खिली धूप ने मौसम को सुहाना बना दिया है। हालांकि कड़ाके वाली ठंड गायब हो चुकी है लेकिन शुक्रवार को तापमान में हल्की सी गिरावट दर्ज की गयी।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अगले करीब 1 सप्ताह तक राज्य के उत्तरी व दक्षिणी दोनों हिस्सों के तापमान में खास परिवर्तन आने की संभावना नहीं है। इस वजह से बंगाल के अपने 'वैलेंटाइन्स डे' को सुहाने मौसम में एंजॉय करने का भरपूर मौका मिलने वाला है।
कोलकाता के तापमान में गिरावट
गुरुवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था जिस वजह से ऐसा लग रहा था कि अब ठंड पूरी तरह से विदा होने वाली है। लोगों में थोड़ी उदासी भी देखी जा रही थी लेकिन शुक्रवार यानी सरस्वती पूजा के दिन एक बार फिर से पारा ने नीचे लुढ़ककर मौसम को सुहाना बना दिया है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को कोलकाता का तापमान 14 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या तापमान में यह गिरावट जारी रहेगी?
मौसम विभाग ने इसका जवाब 'ना' में दिया है। बताया जाता है कि शनिवार को तापमान में थोड़ी और गिरावट दर्ज हो सकती है लेकिन रविवार से तापमान में वृद्धि फिर से शुरू होगी। बताया जाता है कि पूर्वी हवाओं के साथ दक्षिण बंगाल में जलवाष्प प्रवेश कर रहा है जिसकी वजह से दिन के समय तापमान में वृद्धि होने की संभावना जतायी जा रही है।
दक्षिण और उत्तर बंगाल के जिले
बताया जाता है कि दक्षिण बंगाल के जिलों में ठंड महसूस होगी। पश्चिमांचल के जिलों में तापमान 11 से 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने की संभावना है। वहीं उत्तर बंगाल में अभी गर्मी बढ़ने की कोई संभावना नहीं है। दार्जिलिंग का न्यूनतम तापमान 5 से 6 डिग्री के आसपास ही बना रह सकता है। अगले कुछ दिनों में उत्तर बंगाल के अन्य जिलों के तापमान में भी खास परिवर्तन की संभावना नहीं जतायी गयी है।
दक्षिण बंगाल में बीरभूम, मुर्शिदाबाद और दोनों बर्धमान में कोहरे का प्रकोप जारी रहेगा। इसके साथ ही तटवर्तीय दोनों 24 परगना जिले में सुबह के समय में हल्का से मध्यम कोहरा छाया रह सकता है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अगले कुछ दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में दिन के समय धूप खिलेगी और रात को ठंड महसूस होगी।