रिकॉर्ड! पंचमी से दशमी तक कोलकाता मेट्रो में 46 लाख यात्रियों ने किया सफर

पहले नंबर पर कालीघाट, चार लाख से ज्यादा यात्री

By Kubalay Banerjee, Posted by: Shweta Singh

Oct 06, 2025 15:35 IST

एई समय। कोलकाता मेट्रो ने पूजा के दिनों की कठिन परीक्षा पास कर ली है। सेवा बाधित होने की आशंका जतायी जा रही थी। हालांकि मेट्रो अधिकारियों ने बताया कि पूजा के छह दिनों में पंचमी से दशमी तक कोलकाता मेट्रो की ब्लू, ग्रीन, येलो और पर्पल लाइनों में46 लाख 56 हजार यात्रियों ने सफर किया। इन चार लाइनों पर वर्तमान में संचालित 49 स्टेशनों में से कालीघाट को यात्री परिवहन के मामले में 'प्रथम' घोषित किया गया है।

पूजा के दिनों में कालीघाट स्टेशन से चार लाख छह हजार यात्रियों ने यात्रा की। दमदम (तीन लाख 95 हजार) और शोभाबाजार-सुतानुटी(दो लाख 88 हजार) क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।

कोलकाता मेट्रो में हफ्ते में कम से कम एक बार यांत्रिक समस्या आती ही है। चाहे ब्लू लाइन हो या ग्रीन लाइन यात्री को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।ऐसे भी कई हफ्ते बीते हैं जब कोलकाता मेट्रो में कम से कम तीन दिन यांत्रिक समस्याएं आ चुकी हैं। इसलिए मेट्रो के सभी विभागों के कर्मचारी इस बात को लेकर चिंतित थे कि पूजा के दिनों में मेट्रो सेवाएं कैसी रहेंगी।

हालांकि कोलकाता की 'लाइफलाइन' ने पंचमी से दशमी तक 46 लाख से ज्यादा यात्रियों का दबाव झेलते हुए इस कठिन परीक्षा को सम्मान के साथ पास कर लिया। रिकॉर्ड संख्या में यात्रियों को ले जाने के अलावा 2025 में एक दिन में यात्रियों की संख्या का भी नया रिकॉर्ड बना जो 2024 से भी ज्यादा है।

इस साल 27 सितंबर को कोलकाता मेट्रो में यात्रियों की संख्या 9 लाख 82 हजार थी। 2024 में 9 अक्टूबर को कोलकाता मेट्रो में यात्रियों की संख्या 9 लाख 60 हजार थी। अब तक मेट्रो में एक दिन में सबसे ज्यादा यात्रियों के परिवहन का यही सर्वोच्च रिकॉर्ड था। इस साल यह रिकॉर्ड टूट गया।

मेट्रो की तरफ से बताया गया कि यह सभी विभागों के समन्वय और सभी मेट्रो कर्मचारियों के अथक परिश्रम के कारण ही यह संभव हो पाया है।

Prev Article
शुभेंदु ने दावा किया 'SIR' सेमीफाइनल, तृणमूल ने किया कटाक्ष
Next Article
देश में पहली बार कलकत्ता हाई कोर्ट ने दी नाबालिग के अग्रिम जमानत मांगने के अधिकार को मान्यता

Articles you may like: