नेताजी भवन स्टेशन पर मेट्रो के सामने कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया गया है। इस वजह से कोलकाता मेट्रो के ब्लू लाइन पर मैदान से महानायक उत्तम कुमार स्टेशन के बीच फिलहाल मेट्रो सेवाएं बाधित हुई हैं। मिली जानकारी के अनुसार दक्षिणेश्वर से मैदान और महानायक उत्तम कुमार से शहीद खुदीराम मेट्रो स्टेशन के बीच मेट्रो सेवाएं उपलब्ध हैं।
शुक्रवार को ऑफिस से वापस लौटने वाले नित्य यात्रियों की भीड़ है। इसके साथ ही सर्दी और साल का अंत भी हो रहा है। इस वजह से भी बड़ी संख्या में मेट्रो में यात्रियों की भीड़ उमड़ रही है। ऐसे समय में मेट्रो सेवाओं के बाधित होने से यात्री खासे परेशान हो रहे हैं।
कोलकाता मेट्रो की ओर से ऐप के माध्यम से ब्लू लाइन पर यात्री सेवाओं के प्रभावित होने की जानकारी दे दी गयी है। इसके साथ ही यह भी बताया गया है कि शहीद खुदीराम से महानायक उत्तम कुमार और मैदान से दक्षिणेश्वर मेट्रो स्टेशनों के बीच यात्री सेवाओं का संचालन किया जा रहा है।
हालांकि मेट्रो सेवाएं क्यों बाधित हुई हैं इस बारे में कोई जानकारी ऐप पर नहीं दी गयी है। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार मेट्रो लाइन पर कूदकर यात्री ने आत्महत्या का प्रयास किया है। इस वजह से ही यह समस्या पैदा हुई है।
हालांकि बाद में कोलकाता मेट्रो प्रबंधन की ओर से बताया गया कि शाम 5.17 बजे नेताजी भवन मेट्रो स्टेशन पर एक यात्री ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। इसके बाद पावर ब्लॉक कर उक्त यात्री को बचाया गया। इस दौरान कुछ समय के लिए आंशिक तौर पर यात्री सेवाएं बाधित रही। शाम 6 बजे से एक बार फिर से दक्षिणेश्वर से शहीद खुदीराम तक पूरी मेट्रो सेवा को शुरू कर दिया गया।