अगरतला: त्रिपुरा विधानसभा के अध्यक्ष बिस्वा बंधु सेन का शुक्रवार सुबह बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 8 अगस्त को आए गंभीर ब्रेन स्ट्रोक (सेरेब्रल स्ट्रोक) के बाद से इलाज करा रहे थे। अधिकारियों ने उनके निधन की पुष्टि की है। वरिष्ठ नेता सेन के परिवार में उनकी पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। उनके पार्थिव शरीर को शनिवार को त्रिपुरा लाया जाएगा।
सम्मान स्वरूप त्रिपुरा सरकार ने शुक्रवार से तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। एएआई की रिपेर्ट के अनुसार शुक्रवार को सभी सरकारी कार्यालय, संस्थान, स्कूल, कॉलेज और अन्य शैक्षणिक संस्थान बंद रखे गये।
मुख्यमंत्री मानिक साहा ने उनके निधन पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि यह अपूरणीय क्षति है। उन्होंने फेसबुक पोस्ट में लिखा है कि मैं बेहद स्तब्ध हूं। विधानसभा अध्यक्ष का निधन पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है। मैं शोक संतप्त परिवार और उनके समर्थकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा है कि त्रिपुरा विधानसभा के अध्यक्ष बिस्वा बंधु सेन का निधन अत्यंत दुखद है। उन्होंने कई वर्षों तक जनसेवा में योगदान दिया। उनका जाना राज्य की राजनीति के लिए बड़ी क्षति है। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, मित्रों और चाहने वालों के साथ हैं। ओम शांति।
त्रिपुरा सरकार के अनुसार बिस्वबंधु सेन जनसेवा के प्रति समर्पित और राज्य की राजनीति से लंबे जुड़ाव के लिए व्यापक रूप से सम्मानित थे।