इस साल क्रिसमस का केक कड़ाके वाली ठंड फ्लेवर का रहा। उसपर से 'प्री न्यू ईयर' सेलिब्रेशन में 'फिनिशिंग टच' दिया सुहाने मौसम ने। 25 दिसंबर को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। यह इस सीजन का सबसे शीतल दिन था। लेकिन शुक्रवार (26 दिसंबर) को?
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक 26 दिसंबर को सर्दी ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया। बताया जाता है कि 26 दिसंबर को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा जो इस सीजन का शीतलतम दिन रहा।
अगर पुराने रिकॉर्ड्स को खंगाला जाए तो पता चलता है कि 25 दिसंबर 2018 को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा था। साल 2025 के अंत में सर्दी की जबरदस्त बैटिंग ने पुराने रिकॉर्ड्स को ध्वस्त कर दिया है। चाहे पहाड़ी इलाका हो या मैदानी, सभी जगह पर इस समय तेज ठंड पड़ रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक दार्जिलिंग का न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। दार्जिलिंग जिले के मैदानी इलाकों में तापमान फिलहाल 8 डिग्री सेल्सियस पर बना हुआ है। वहीं राज्य के पश्चिमांचल का तापमान 8 से 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।
मौसम विभाग का मानना है कि सिर्फ सुबह ही नहीं कोलकाता में दिन के समय का तापमान भी सामान्य से कम ही रहने की संभावना है। गुरुवार को कोलकाता का अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस कम था। कितने दिनों तक चलेगी सर्दी की यह शानदार बैटिंग?
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक कड़ाके की ठंड की शानदार बैटिंग अगले कुछ समय तक बरकरार रह सकती है। दक्षिण बंगाल के जिलों में अगले 5 दिनों तक कई जगहों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री कम रहने की ही संभावना है। शनिवार को भी न्यूनतम तापमान में खास परिवर्तन नहीं होगा।
बताया जाता है कि दक्षिण बंगाल के कई जिलों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस कम रहने की संभावना जतायी गयी है। संभावना जतायी गयी है कि अगले 24 घंटों के अंदर कुचबिहार और अलीपुरदुआर के कई जगहों पर शीतलहर जैसी परिस्थिति बन सकती है। कुल मिलाकर संभावना जतायी जा रही है कि नववर्ष के समय कड़ाके की ठंड बनी रह सकती है।