🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत के नीचे से बच्चे का खून से लथपथ शव बरामद, हादसा या फिर...!

कोलकाता के एन्टाली थाना क्षेत्र के एक निर्माणाधीन इमारत के नीचे से बच्चे को घायलावस्था में बरामद किया गया है।

By Debarghya Bhattacharya, Posted By : Moumita Bhattacharya

Jan 22, 2026 10:21 IST

निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत से गिरकर कोलकाता में एक बच्चे की मौत का मामला सामने आया है। घटना बुधवार की शाम को कोलकाता के एन्टाली थाना इलाके के कॉन्वेंट लेन की बतायी जाती है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मृत शिशु का नाम प्रीतम राजवंशी (3) बताया जाता है।

बताया जाता है कि वह अपनी मां के साथ इस बहुमंजिला इमारत की छत पर सूख रहे कपड़े लेने गया था। उसी समय दुर्घटनावश वह छत से नीचे गिर पड़ा, जिससे उसकी जान चली गयी।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि अपनी मां काजल कुमारी के साथ शाम को करीब 4 बजे एन्टाली थाना इलाके के इस निर्माणाधीन चार मंजिला मकान की छत से सूखे कपड़े उतारने के लिए प्रीतम गया था। बताया जाता है कि कपड़े उतारकर नीचे उतरते समय काजल ने बेटे से भी नीचे उतरने के लिए कहा था। लेकिन छत से नीचे उतरने के बाद काजल को बेटा कहीं नजर नहीं आया। इसके बाद प्रीतम के पिता राजकुमार राजवंशी को काजल ने पूरी घटना बतायी।

राजकुमार राजवंशी ने तुरंत एन्टाली थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवायी। मौके पर पहुंची पुलिस ने निर्माणाधीन इमारत में तलाशी लेना शुरू किया। आखिरकार लिफ्ट डक्ट यानी लिफ्ट लगाने के लिए खाली रखी गयी जगह से प्रीतम को खून से लथपथ अवस्था में बरामद किया गया। तुरंत बच्चे को नीलरतन सरकार अस्पताल व मेडिकल कॉलेज ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

डॉक्टरों का कहना है कि बच्चे के सिर पर गहरी चोट आयी है। अनुमान लगाया जा रहा है कि काफी ऊंचाई से गिरने की वजह से ही बच्चे की मौत हो गयी होगी। हालांकि पुलिस का कहना है कि मृत्यु की वास्तविक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम के बाद ही चल सकेगा। पुलिस का कहना है कि बच्चे की मौत के मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं की गयी है।

Next Article
कोलकाता की विरासत ‘गीतांजलि’: शहर की गलियों में पुरानी यादों का सफर

Articles you may like: