🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

माध्यमिक की परीक्षा से महज 1 सप्ताह पहले एडमिट कार्ड को लेकर शिक्षा मंत्री की बड़ी घोषणा!

ऐसे महत्वपूर्ण समय में राज्य के शिक्षा मंत्री ब्रात्य बसु ने एडमिट कार्ड को लेकर एक महत्वपूर्ण घोषणा की है।

By Moumita Bhattacharya

Jan 24, 2026 17:09 IST

अगले सप्ताह यानी फरवरी के पहले सप्ताह से पश्चिम बंगाल माध्यमिक बोर्ड की परीक्षाएं शुरू होने वाली है। परीक्षार्थी जहां आखिरी समय की तैयारियों में जुटे हुए हैं वहीं बोर्ड की ओर से भी सारी तैयारियां कर ली जा रही हैं ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या पैदा न हो।

ऐसे महत्वपूर्ण समय में राज्य के शिक्षा मंत्री ब्रात्य बसु ने एडमिट कार्ड को लेकर एक महत्वपूर्ण घोषणा की है। शनिवार को उन्होंने अपने आधिकारिक X हैंडल पर पोस्ट कर इस बाबत जानकारी दी है।

अपने पोस्ट में ब्रात्य बसु ने बताया कि साल 2026 में माध्यमिक के जिन योग्य परीक्षार्थियों का एनरोलमेंट नहीं हुआ है या एडमिट कार्ड जारी नहीं किया गया है उन्हें एनरोलमेंट करवाने का एक और मौका मिलेगा। एक परीक्षार्थी किसी भी परिस्थिति में वंचित न हो, इसे सुनिश्चित करने के लिए ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आदेश पर यह फैसला लिया गया है।

ब्रात्य बसु ने बताया कि 27 जनवरी की दोपहर 12 से 28 जनवरी की दोपहर 12 बजे तक ऑनलाइन एनरोलमेंट पोर्टल को फिर से खोला जाएगा। इस बाबत अपने आधिकारिक X हैंडल पर पोस्ट करते हुए शिक्षा मंत्री ने लिखा, 'विद्यालय की लापरवाही की वजह से जिन योग्य परीक्षार्थियों को 2026 में एनरोलमेंट का मौका नहीं मिल सका है और उनका एडमिट कार्ड नहीं आया है, उनके लिए स्कूल शिक्षा विभाग और पश्चिम बंगाल माध्यमिक बोर्ड सक्रिय भूमिका निभा रहा है। इस वजह से एनरोलमेंट पोर्टल को फिर से शुरू करने का फैसला लिया गया है।'

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हो, इस बाबत आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्था करनी होगी। बता दें, राज्य में इस साल माध्यमिक की परीक्षा 2 फरवरी से शुरू होगी जो 12 फरवरी तक चलेगी। परीक्षा सुबह 10.45 बजे से शुरू होगी और दोपहर 2 बजे खत्म होगी। परीक्षार्थियों को शुरुआती 15 मिनट प्रश्नपत्र पढ़ने का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।

Next Article
कोलकाता की विरासत ‘गीतांजलि’: शहर की गलियों में पुरानी यादों का सफर

Articles you may like: