सुबह से ही कोलकाता के आसमान में बादलों ने अपना डेरा जमाया हुआ है। मध्यम से तेज बारिश और वज्रपात की वजह से भीषण गर्मी से राहत तो मिली है लेकिन दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गयी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार (19 जून) को कोलकाता एयरपोर्ट पर वज्रपात की वजह से 2 ग्राउंड स्टाफ बुरी तरह से झुलस गए।
मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार एमिरेट्स (Emirates Airlines) के एक विमान से सामानों को उतारते समय यह दुर्घटना घटी। जानकारी के अनुसार घायल दोनों ग्राउंड स्टाफ में से एक एमिरेट्स का कर्मचारी है और दूसरा इंडिगो (IndiGo Airlines) का कर्मचारी बताया जाता है।
बताया जाता है कि दोनों कर्मचारियों को ही एयरपोर्ट के अंदर मौजूद मेडिकल रुम में ले जाया गया जहां उनका इलाज तुरंत शुरू कर दिया। एयरपोर्ट सूत्रों के हवाले से मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि दोनों कर्मचारियों की शारीरिक हालत वर्तमान में स्थितिशील बतायी जाती है लेकिन एक कर्मचारी तुलनात्मक रूप से अधिक घायल हुआ है। बताया जाता है कि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती करने की व्यवस्था भी की जाएगी।
कोलकाता एयरपोर्ट तक जाने वाले रास्ते में जलभराव :-
#WATCH | Kolkata, West Bengal: Heavy rainfall triggers severe waterlogging on the major road leading to Netaji Subhash Chandra Bose International (NSCBI) Airport. Commuters face major traffic snarls and delays. pic.twitter.com/r3dZ0GrqE9
— ANI (@ANI) June 19, 2026
तेज बारिश और लगातार हो रहे वज्रपात की वजह से कोलकाता एयरपोर्ट पर उड़ान सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। News 18 की मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार बेंगलुरु से कोलकाता आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक उड़ान को सुरक्षा कारणों से भुवनेश्वर डाइवर्ट कर दिया गया।
इसके अलावा कई विमान अपने निर्धारित समय पर उड़ान नहीं भर पायी है। बता दें, गुरुवार की रात से कोलकाता समेत उत्तर 24 परगना जिले में भारी बारिश हो रही है। इसके साथ ही लगातार बिजली कड़कने और वज्रपात भी हो रहा है जिस कारण इलाके का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
सड़कों पर जलजमाव की वजह से वाहनों को आवाजाही करने में समस्याएं हो रही हैं। बता दें, मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अगले दो दिनों यानी सप्ताहांत में शनिवार और रविवार को भारी बारिश के साथ वज्रपात होने की संभावना जतायी गयी है।