अंदाजा पहले से ही लगाया जा चुका था। इस साल राज्य का बजट फरवरी के पहले सप्ताह में ही पेश किया जाएगा। जानकारी के अनुसार इस साल राज्य में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। उससे पहले अंतरिम बजट पेश किया जाएगा।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस साल पश्चिम बंगाल का अंतरिम बजट केंद्रीय बजट के ठीक अगले दिन यानी 2 फरवरी को पेश किया जाएगा। इस साल पूरा बजट नहीं होगा बल्कि अंतरिम बजट पेश किया जाएगा।
साल 2026 में विधानसभा चुनावों से पहले राज्य का यह आखिरी बजट होने वाला है। इस वजह से इस साल के बजट पर राज्य भर की जनता की नजरें होंगी। लक्ष्मी भंडार से लेकर डीए और वेतन आयोग तक...क्या कन्याश्री, खाद्यसाथी, लक्ष्मी भंडार आदि परियोजनाओं के लिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आवंटन बढ़ाएंगी?
जानकारों का मानना है कि इस साल के अंतरिम बजट में कई नई परियोजनाओं को शुरू करने की घोषणा हो सकती है। इसके साथ ही विभिन्न परियोजनाओं के लिए आवंटन भी बढ़ाया जा सकता है।
वर्तमान समय में किसी भी वेतन आयोग की मियाद 10 सालों की होती है। राज्य में अभी 6वां वेतन आयोग चल रहा है लेकिन इसकी मियाद भी पिछले साल नवंबर में ही खत्म हो चुकी है। ऐसी स्थिति में क्या 7वें वेतन आयोग की घोषणा बजट में की जा सकती है? जानकारों का मानना है कि इस बार के बजट में स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार को प्राथमिकता दी जा सकती है।
साल 2021 में विधानसभा चुनावों से पहले का अंतरिम बजट वित्त मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य नहीं बल्कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने खुद पेश किया था। क्या इस बार भी मुख्यमंत्री खुद ही विधानसभा में अंतरिम बजट पेश करने वाली हैं? सूत्रों के हवाले से Zee मीडिया की रिपोर्ट में कुछ ऐसा ही दावा किया जा रहा है।