भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नीतिन नवीन पहली बार पश्चिम बंगाल के दौरे पर आने वाले हैं। मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार इस महीने के अंत में पहले नीतिन नवीन और उसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बंगाल के दौरे पर आ सकते हैं।
सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को दिल्ली में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक के बाद उन्होंने बंगाल के सफर पर आने का फैसला लिया।
आनंदबाजार पत्रिका की मीडिया रिपोर्ट में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य के हवाले से बताया गया है कि नीतिन नवीन 27 जनवरी को 2 दिनों के लिए राज्य में आने वाले हैं। उन्होंने बताया कि कोलकाता पहुंचने के अगले दिन नीतिन नवीन बर्धमान जाएंगे।
वहां वह किसी जनसभा को संबोधित करेंगे अथवा नहीं या संगठन के स्तर पर ही काम करेंगे इस बारे में अभी तक पार्टी की ओर से कोई फैसला नहीं लिया गया है। बताया जाता है कि बर्धमान के दौरे के बाद वह वापस दिल्ली लौट जाएंगे।
उनके दिल्ली वापस लौट जाने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बंगाल के दौरे पर आएंगे। बताया जाता है कि 30 जनवरी को अमित शाह कोलकाता आ सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट में भाजपा के हवाले से बताया गया है कि इस दौरे पर अमित शाह किसी सभा को संबोधित नहीं करेंगे। बताया जाता है कि उनकी पूरा कार्यक्रम सांगठनिक ही होगा। मिली जानकारी के अनुसार विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा की रणनीति बनाने के लिए गृह मंत्री अमित शाह बंगाल के दौरे पर आ रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि गृह मंत्री पहले इस साल फरवरी में बंगाल के दौरे पर आने वाले थे लेकिन बाद में उनके दौरे की तारीख में परिवर्तन किया गया। बताया जाता है कि राज्य में 2 फरवरी से माध्यमिक परीक्षा शुरू होने वाली है। परीक्षार्थियों के बारे में सोचकर ही उनके राजनीतिक दौरे की तारीख में परिवर्तन किया गया है।
बताया जाता है कि 30 जनवरी को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कोलकाता पहुंचेंगे जिसके अगले दिन यानी 31 जनवरी को वह उत्तर बंगाल चले जाएंगे। सिलीगुड़ी के अलावा और भी कई कार्यक्रमों में उनके शामिल होने की संभावना है।
गौरतलब है कि फरवरी 2026 के अंत तक राज्य में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा हो सकती है। इस वजह से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नवीन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सफर को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।