कोलकाता चुनाव आयोग ने फरक्का और इटाहार में आयोजित SIR हियरिंग के दौरान कथित तोड़फोड़ के लिए तृणमूल कांग्रेस के दो विधायक मोनिरुल इस्लाम और मोशर्रफ हुसैन के खिलाफ FIR दर्ज करने का आदेश दिया है। कमीशन ने राज्य पुलिस और प्रशासन पर दबाव बढ़ाया है ताकि हियरिंग प्रक्रिया में कोई रुकावट न आए और ‘लॉजिकल कमियों’ की लिस्ट जारी होने के बाद कोई कानून-व्यवस्था की समस्या न उत्पन्न हो।
14 जनवरी को फरक्का में BDO ऑफिस में हियरिंग के दौरान बड़े पैमाने पर तोड़फोड़ की गई थी। गुरुवार को कमीशन ने मुर्शिदाबाद जिला मजिस्ट्रेट और डिस्ट्रिक्ट इलेक्शन ऑफिसर (DEO) को मोनिरुल इस्लाम के खिलाफ FIR दर्ज करने के निर्देश दिए। आरोप है कि मोनिरुल ने उस दिन घटनास्थल पर हंगामा किया और कमीशन के अधिकारियों को खुलेआम धमकी दी।
इसी दिन उत्तर दिनाजपुर के इटाहार में भी तनाव फैल गया, जब पत्नी के नाम पर सुनवाई का नोटिस मिलने के बाद एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली। आरोप है कि सुनवाई केंद्र में इस दौरान बड़े पैमाने पर तोड़फोड़ की गई। बाद में स्थानीय तृणमूल विधायक मोशर्रफ हुसैन के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने शव के साथ इटाहार चौराहे पर नेशनल हाईवे नंबर 12 को जाम कर दिया। आयोग ने DEO को इस घटना में मोशर्रफ हुसैन के खिलाफ FIR दर्ज करने और रिपोर्ट देने के निर्देश भी दिए।
इस मामले पर मोनिरुल इस्लाम ने कहा कि वह लोगों के वोट जीतकर MLA बने हैं। अगर लोगों को परेशान किया जाएगा, तो वह एक जनप्रतिनिधि के तौर पर वहां जाएंगे।
केंद्रीय राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि अगर इस राज्य में BJP की सरकार होती, तो मोनिरुल के घर पर बुलडोजर चला दिया जाता। BJP के सत्ता में आने पर हमलावरों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।