गणतंत्र दिवस के मौके पर कोलकाता में परेड का अभ्यास चल रहा था और इसी दौरान हो गया बड़ा हादसा। घटना शनिवार की सुबह रेड रोड की है। तेज रफ्तार से दौड़ रही एक गाड़ी नियंत्रण खोकर गार्डरेल से टकरा गयी। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है।
मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा सुबह करीब 7 बजे रेड रोड पर हुआ। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार विक्टोरिया मेमोरियल की तरफ से तेज रफ्तार से दौड़ रही एक काले रंग की स्कोडा गाड़ी ने पुलिस के गार्डरेल में जोरदार टक्कर मारी। दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी को मैदान थाना ले जाया गया।
बताया जाता है कि गाड़ी में उस समय ड्राइवर के अलावा एक युवक और युवती समेत कुल 3 लोग सवार थे। सभी को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार गाड़ी का इंश्योरेंस और पॉल्यूशन के कागजात भी ठीक नहीं है। गौरतलब है कि गत 11 जनवरी को ही रेड रोड पर बी.आर. अम्बेडकर की मूर्ति की रेलिंग पर एक कॉन्टेनर समेत ट्रक ने टक्कर मारी थी। टक्कर की वजह से ट्रक पूरी तरह से चकनाचूर हो गयी थी। दरवाजा काटकर ड्राइवर को बाहर निकालना पड़ा था।
पुलिस का अनुमान है कि इस ट्रक पर से भी ड्राइवर ने अपना नियंत्रण खो दिया था। दावा किया जा रहा है कि दुर्घटना से पहले ट्रक के सामने 2 यात्रीवाही बस आ गए थे। उन्हें बचाने में ही ट्रक पलट गयी थी।
शनिवार के सुबह हुई दुर्घटना ने एक बार फिर से 10 साल पहले 13 जनवरी 2016 की घटना की याद दिला दी। उस समय भी परेड के अभ्यास के दौरान रेड रोड पर एक अनियंत्रित गाड़ी ने भारतीय वायुसेना के एक अधिकारी को कुचल डाला था। इस घटना के बाद परेड के अभ्यास में पुलिस की सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर फिर से सवाल उठ रहे हैं।