कोलकाता की ऐतिहासिक धरोहर, स्थापत्य सौंदर्य और सांस्कृतिक विरासत को समर्पित P&C–KSCH कैलेंडर 2026 का महानगर में लोकार्पण हुआ। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. एंड्रयू फ्लेमिंग, ब्रिटिश डिप्टी हाई कमिश्नर (पूर्व एवं पूर्वोत्तर भारत) मौजूद रहे।
उन्होंने कैलेंडर का लोकार्पण करेत हुए कहा कि किसी भी शहर की पहचान उसकी इमारतों के साथ-साथ उन प्रयासों से बनती है जो विरासत को जीवंत बनाए रखते हैं।
इस अवसर पर कोलकाता सोसाइटी फॉर कल्चरल हेरिटेज (KSCH) के संस्थापक सौरव मुखर्जी और उद्यमी व फैशन इंफ्लुएंसर बिलकेस परवीन भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थीं जो इस कैलेंडर का चेहरा भी हैं।
P&C–KSCH कैलेंडर 2026 को केवल एक उपयोगी कैलेंडर नहीं बल्कि कोलकाता के प्रतिष्ठित स्थलों की एक कलात्मक प्रस्तुति के रूप में तैयार किया गया है। हर महीने शहर की ऐतिहासिक इमारतों, विरासत स्थलों और सांस्कृतिक जीवन को प्रभावशाली फोटोग्राफी और आधुनिक डिजाइन के माध्यम से दर्शाया गया है जो कोलकाता की आत्मा को एक नई दृश्य भाषा देता है।
डिजिटल कैलेंडर और वर्चुअल दुनिया के इस दौर में यह प्रिंटेड कैलेंडर एक अलग ही अनुभव प्रस्तुत करता है। इसकी उत्कृष्ट छपाई और सौंदर्यपूर्ण लेआउट दर्शकों को ठहरकर शहर की खूबसूरती को निहारने का मौका देता है। यह एक ऐसा अनुभव जो आज की तेज रफ्तार जिंदगी में धीरे-धीरे कम होता जा रहा है।
अपने संबोधन में डॉ. एंड्रयू फ्लेमिंग ने कहा कि कोलकाता की विरासत केवल अतीत की धरोहर नहीं बल्कि भविष्य की प्रेरणा भी है। वहीं सौरव मुखर्जी ने इसे सौंदर्य और सांस्कृतिक चेतना का संगम बताते हुए कहा कि यह कैलेंडर वर्ष समाप्त होने के बाद भी अपनी प्रासंगिकता बनाए रखेगा।
बिलकेस परवीन ने कहा कि इस कैलेंडर का डिजाइन कालातीत होने के साथ-साथ आधुनिक भी है जो कोलकाता को व्यक्तिगत और वैश्विक दोनों नजरिए से प्रस्तुत करता है।