अगर आप दक्षिण कोलकाता में रहते हैं तो ध्यान दें। दक्षिण कोलकाता के एक बड़े हिस्से में पेय जल की आपूर्ति बाधित होने वाली है। मिली जानकारी के अनुसार गार्डनरिच पम्पिंग स्टेशन और पाइप लाइन में रख-रखाव के काम की वजह से 31 जनवरी (शनिवार) को दक्षिण कोलकाता और उपनगरीय क्षेत्रों में पेय जल की आपूर्ति बाधित होने वाली है।
बताया जाता है कि शनिवार की सुबह से ही गार्डनरिच जल परियोजना के तहत विभिन्न बुस्टर पम्पिंग स्टेशन से पेय जल की आपूर्ति को बंद रखा जाएगा। इसकी वजह से दक्षिण-पूर्व कोलकाता के बड़े हिस्से में पानी नहीं मिलेगी। 1 फरवरी की सुबह से फिर सामान्य रूप से जलापूर्ति होगी।
कोलकाता नगर निगम (KMC) सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की सुबह 6 से 9.30 बजे तक जलापूर्ति सामान्य रूप से होगी। उसके बाद पानी के सप्लाई को बंद कर दिया जाएगा। 1 फरवरी (रविवार) की सुबह से फिर सामान्य रूप से जलापूर्ति होगी।
कौन से इलाके होंगे प्रभावित?
31 जनवरी को जलापूर्ति बंद होने की वजह से दक्षिण कोलकाता के जो इलाके प्रभावित होंगे उनमें शामिल हैं - गार्डनरिच, जादवपुर, टालीगंज, कसबा, बेहला, ठाकुरपुकुर, जोका समेत कोलकाता के 9 बोरो में से कुछ के सभी इलाकों में और कुछ में आंशिक रूप से सुबह के बाद से जलापूर्ति बाधित होगी।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कालीघाट, रानीकुठी, गरफा, चेतला, गॉल्फग्रीन, लाएलका, बेहला, सिरिटी, दासपाड़ा, बांसद्रोणी, गांधी मैदान, सेनपल्ली, प्रफुल्ल पार्क, पर्णश्री, मेटियाबुरुज और शकुंतला पार्क बुस्टर पम्पिंग स्टेशन व गार्डनरिच जल परियोजना के तहत विभिन्न कैप्सूल बुस्टर पम्पिंग स्टेशन से पेयजल की आपूर्ति नहीं होगी।
क्यों बाधित होगी जलापूर्ति?
KMC के क्षेत्र में साल भर जलापूर्ति में कोई समस्या पैदा न हो, इसे सुनिश्चित करने के लिए ही निर्धारित समय के अंतराल पर गार्डनरिच जल परियोजना और उसके अधीनस्थ बुस्टर पम्पिंग स्टेशनों के रख-रखाव और मरम्मत का काम किया जाता है। बताया जाता है कि 31 जनवरी को यहीं काम होने वाला है।
KMC के जलापूर्ति विभाग सूत्रों के हवाले से मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि कुछ जगहों पर पाइपलाइन फट गयी है और उसमें छेद भी नजर आ रहे हैं। इन सभी जगहों से लगातार पानी का रिसाव हो रहा है, जिसकी वजह से पानी की बर्बादी भी हो रही है। इन्हें सुधारने और ठीक करने के लिए ही रख-रखाव का काम बेहद जरूरी है।