मृतक के नाम पर एन्यूमरेशन फॉर्म भरने के आरोप में बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार

साल 2015 में ही डानकुनी निवासी मोहसिन खान की मृत्यु हो गयी थी। मृतक के परिवार ने उनके नाम का एन्यूमरेशन फॉर्म ही भरने का आरोप उक्त बांग्लादेशी युवक पर लगाया है।

By Sayani Jowardar, Posted By : Moumita Bhattacharya

Nov 27, 2025 19:26 IST

मृतक के नाम पर आए एन्यूमरेशन फॉर्म का इस्तेमाल कर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करने की कोशिश! इस आरोप में डानकुनी से एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया गया है जिसका नाम नदीम सरदार बताया जाता है। घटना हुगली के डानकुनी नगर पालिका के वार्ड नंबर 20 के माथुरडांगी इलाके की बतायी जाती है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार साल 2015 में ही डानकुनी निवासी मोहसिन खान की मृत्यु हो गयी थी। मृतक के परिवार ने उनके नाम का एन्यूमरेशन फॉर्म ही भरने का आरोप उक्त बांग्लादेशी युवक पर लगाया है। बताया जाता है कि उक्त युवक के पास वोटर कार्ड भी मौजूद है। मोहसिन खान के बड़े भाई मोईदूल खान को ही सबसे पहले इस घटना की भनक लगी। बताया जाता है कि नदीम पिछले करीब 17 सालों से डानकुनी में रहता है। आरोप है कि रुपए देकर उसने यहां का वोटर कार्ड भी बनवा लिया है। लेकिन...

जैसे ही SIR की प्रक्रिया शुरू हुई, वह परेशान हो गया। अगर वह दस्तावेज नहीं दिखा सका तो क्या होगा? उसी समय उसने यह योजना बनायी। आरोप है कि रुपए का लालच देकर उसने मोहसिन का एन्यूमरेशन फॉर्म प्राप्त किया। उसे भरकर और उसपर खुद की फोटो चिपका कर उसे जमा कर दिया। दूसरी ओर घटना के बारे में बुधवार की रात को जैसे ही जानकारी मिली, माथुरडांगी इलाके में हंगामा मच गया। बांग्लादेशी युवक नदीम को स्थानीय निवासियों ने पकड़ लिया। पुलिस को घटना की जानकारी दी गयी। पुलिस नदीम को थाना ले गयी जहां उसे बाद में गिरफ्तार कर लिया।

नदीम सरदार को फर्जी वोटर कार्ड बना देने के आरोप में रॉबिन चक्रवर्ती नामक एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है जो गोबरा शिवतल्ला का रहने वाला बताया जाता है। गुरुवार को दोनों को ही श्रीरामपुर अदालत में पेश किया गया। यह फर्जीवाड़ा कितना लंबा है, इस बारे में पूछताछ करने के लिए पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया है। डानकुनी थाना की पुलिस फिलहाल इस पूरी योजना और इसमें कौन शामिल है इत्यादि जानकारियां नदीम से हासिल करने की कोशिश कर रही है।

अदालत जाते समय नदीम ने दावा किया कि वोटर कार्ड मैंने खुद बनवाया था। 17 सालों से भारत में हूं और कोई पासपोर्ट भी नहीं है। इस बारे में डानकुनी के तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश राहा ने कहा कि मामले की जानकारी हमें मिली है। अगर कोई दोषी होता है तो उसे निश्चित रूप से सजा मिलेगी।

वहीं भाजपा नेता गुंजन चक्रवर्ती ने कटाक्ष करते हुए कहा कि SIR हो रही है, इसलिए बांग्लादेशी इधर-उधर दौड़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि नदीम जैसे कई लोग हैं। तृणमूल रुपए लेकर वोटर कार्ड बना देती है। अब लोग देखें कि ये लोग किस प्रकार हमें नुकसान पहुंचा रहे हैं।

Prev Article
तारकेश्वर-हावड़ा लोकल की पैंटोग्राफ टूटने से 2 घंटे तक ट्रेन सेवा बाधित

Articles you may like: