मां के हाथ से बना पीठा खाकर निकला था खेलने, पड़ोसी के ताला बंद घर से बरामद हुआ शव

बच्चे के शव को पड़ोसी के घर से कंबल में लिपटा हुआ बरामद किया गया है। स्थानीय निवासियों ने पड़ोसी पर हत्या का आरोप लगाया है।

By Tuhina Mandal, Posted By : Moumita Bhattacharya

Nov 14, 2025 18:54 IST

सर्दियों दिनों में 10 वर्षीय शेख रियान मां के हाथ से बना पीठा खाकर खेलने के लिए बाहर गया था। लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटा। गुरुवार शाम से लापता बच्चे का शव शुक्रवार सुबह बरामद किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार बच्चे के शव को पड़ोसी के घर से कंबल में लिपटा हुआ बरामद किया गया है। स्थानीय निवासियों ने पड़ोसी पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना हुगली जिले के आरामबाग स्थित मायापुर नंबर 1 ग्राम पंचायत के मुथाडांगा के मदार टोला इलाके की बतायी जाती है।

जांचकर्ताओं ने बताया कि रियान के पिता शेख रमजान का एक छोटा-सा व्यवसाय है। उनके परिवार ने पड़ोसी शेख रमजान अली के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है क्योंकि बच्चे का शव उनके बंद घर के अंदर से ही बरामद किया गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि उसी व्यक्ति ने शेख रियान की हत्या की और घर में ताला लगाकर फरार हो गया है।

बताया जाता है कि बच्चे का शव मिलने के बाद से रमजान फरार है, जिससे जांचकर्ताओं का शक और गहरा रहा है। पुलिस ने शव को बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए आरामबाग मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रमजान अली पहले भी कई असामाजिक गतिविधियों में शामिल रहा है।

बच्चे के परिजनों ने बताया कि गुरुवार की दोपहर को रियान अपनी मां रोजिया बेगम की बनायी पीठा खाकर खेलने के लिए चला गया था। इसके बाद से ही उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पा रही थी। गुरुवार रात उसके परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया। रात भर तलाश जारी रही। शुक्रवार को आरामबाग थाने के आईसी राकेश सिंह ने खुद बच्चे की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस की नजर रमजान के बंद घर पर पड़ी। ताला तोड़कर पुलिस घर में घुसी तो देखा कि रियान वहां कंबल में लिपटा पड़ा था। डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों का आरोप है कि जब परिवार ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, तब रमजान थाने में ही मौजूद था। लेकिन शव मिलने के बाद से वह फरार है। हुगली (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक कामनाशीष सेन ने बताया कि आरोपी के घर से शव को बरामद किया गया है। उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। हालांकि बच्चे की हत्या की वजह को लेकर अभी तक असमंजस की स्थिति बनी हुई है। बच्चे के परिवार का दावा है कि रमजान की उनसे कोई दुश्मनी नहीं थी। जांच अधिकारी सभी पहलुओं की जांच करने की बात कह रहे हैं।

Prev Article
तृणमूल कार्यकर्ता की हत्या के मामले में 8 सीपीएम कार्यकर्ताओं को आजीवन कारावास

Articles you may like: