सुजय मुखोपाध्याय
चंदननगर के कनाईलाल पल्ली क्लब ने दुनिया की सबसे बड़ी जगद्धात्री प्रतिमा बनाकर सबको चौंका दिया है। सप्तमी की दोपहर उस मंडप में एक हादसा हुआ। पंडाल अचानक टूट गया। पांच लोग घायल हो गए। हालांकि 70 फुट से ज्यादा ऊंची मूर्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा लेकिन तेज हवा में पंडाल पूरी तरह पलट गया। उस समय मंडप में सबसे अच्छी पूजा का फैसला करने के लिए जज आए हुए थे। टीम के कुछ लोग घायल भी हुए।
कुछ साल पहले कोलकाता के देशप्रिय पार्क में सबसे बड़ी दुर्गा प्रतिमा बनाई गई थी और उसे प्रदर्शित किया गया था। इसे हर तरफ से खूब सराहना मिली थी। हालांकि पूजा शुरू होने से पहले ही इतनी भीड़ लग गई थी कि दर्शनार्थियों को मूर्ति देखने से ही रोकना पड़ा। पिछले दो सालों से नादिया के धनतला के कमालपुर में सबसे बड़ी दुर्गा प्रतिमा की खूब चर्चा हो रही है। इस बार चंदननगर के कनाईलाल पल्ली की जगद्धात्री ने हलचल मचा दी है।
मंगलवार को उस जगद्धात्री पूजा का पंडाल अचानक टूट गया। चूंकि पंडाल बहुत ऊंचा था इसलिए तेज हवा में ढह गया। खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। घायलों को बचाया गया और चंदननगर उपजिला अस्पताल भेजा गया।
अस्पताल में भर्ती एक घायल व्यक्ति ने बताया, "हम अच्छी मुर्ति और पंडाल का चयन करने के लिए गए थे। तेज हवाएं चल रही थीं। हमने आयोजक से पूछा भी क्या आपका पंडाल ठीक है? इसी बीच हमने पंडाल को हिलते हुए देखा। हम जितनी तेजी से भाग सकते थे, भागे। पंडाल बहुत बड़ा था। तेजी से गिर गया।"
चंदननगर के मेयर राम चक्रवर्ती खबर मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि "कनाईलाल पल्ली में दोपहर के आसपास तेज हवा में पंडाल गिर गया। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ। हालांकि कुछ लोग घायल हुए। पुलिस, दमकल, नागरिक सुरक्षा और निगम की मदद से स्थिति पर तुरंत काबू पा लिया गया। अंदर कोई नहीं था।"
चंदननगर के पुलिस कमिश्नर अमित पी. जवालगी ने बताया कि पुलिस और दमकल तुरंत मौके पर पहुंची। इलाके के लोगों ने भी काफी सहयोग किया। स्थिति अब नियंत्रण में है।