सांसद चंद्रशेखर पर आरोप लगाने वाली रोहिणी घावरी ने दी आत्महत्या की धमकी

By डॉ.अभिज्ञात

Sep 24, 2025 18:39 IST

लखनऊः स्विटजरलैंड में गत पांच सालों से कार्यरत सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. रोहिणी घावरी ने आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष औरउत्तर प्रदेश की नगीना सीट से सांसद चंद्रशेखर आजाद पर गंभीर आरोप लगाने के बाद खुदकुशी की धमकी दी है। पिछले कुछ अरसे से वे सोशल मीडिया पर लगातार चंद्रेशखर के खिलाफ आरोप लगाती रही हैं।

बुधवार को उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर भावनात्मक आरोपों से भरे कई पोस्ट किए, जिसमें उन्होंने जहर खाकर अपनी जान देने की धमकी दी है। डॉ. रोहिणी ने लिखा है, 'आप सबको मेरा अंतिम अलविदा, आज ही तेरे नाम का जहर खाऊंगी।' इस पोस्ट के साथ उन्होंने चंद्रशेखर पर मानसिक और भावनात्मक और यौन शोषण का आरोप दोहराया। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर चंद्रशेखर को बचाने का भी आरोप लगाया है।

एक अन्य पोस्ट में उन्होंने एक फोटो शेयर किया, जिसमें चंद्रशेखर एक महिला और बच्चे के साथ दिखायी दे रहे हैं। रोहिणी ने लिखा है, 'मेरा जीवन बर्बाद करके खुशियां मना रहा है। आज ही तेरे नाम पर जहर खाऊंगी।' उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पीएमओ को टैग करते हुए लिखा कि मेरी लाश भारत न लाई जाए।

रोहिणी का दावा है कि चंद्रशेखर ने उनके साथ पांच वर्षों तक रिश्ता रखा, शादी का झांसा दिया और फिर धोखा दिया। चंद्रशेखर ने उनकी निजी फोटो और वीडियो लीक करने की धमकी दी थी। रोहिणी ने पहले भी राष्ट्रीय महिला आयोग और सोशल मीडिया के जरिये शिकायतें की थीं।

डॉ. रोहिणी का आरोप है कि चंद्रशेखर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे और रिश्ते से निकलने की कोशिश करने पर उन्हें आत्महत्या की धमकी देते थे। एक वीडियो पोस्ट में उन्होंने कहा कि रात 3-3 बजे रो-रोकर इस रिश्ते में चंद्रशेखर जबरदस्ती बांधे रखते थे और जब मैं कहती थी रिश्ता रखने से बदनामी होगी तो वे कहते थे तुम छोड़ दोगी तो मैं मर जाऊंगा। मुझे चंद्रशेखर के शादीशुदा होने की जानकारी नहीं थी और मेरा अपने राजनीतिक अभियानों में इस्तेमाल किया।

यह मामला अब राजनीतिक रंग भी ले चुका है। रोहिणी ने आरोप लगाया है कि भाजपा और अन्य राजनीतिक ताकतें चंद्रशेखर को संरक्षण दे रही हैं। चुनावों के दौरान उन्होंने चंद्रशेखर के खिलाफ आवाज नहीं उठाई क्योंकि वह नहीं चाहती थीं कि चंद्रशेखर का राजनीतिक नुकसान हो।

क्या कहना है चंद्रशेखर आजाद का?: पूरे विवाद पर चंद्रशेखर ने पहली बार प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह मामला महिला के सम्मान से जुड़ा है, इसलिए मैं इसका जवाब कोर्ट में दूंगा। मेरे संस्कार मुझे महिलाओं का सम्मान सिखाते हैं।

कौन हैं रोहिणी घावरी?: डॉ. रोहिणी घावरी मूल रूप से इंदौर की रहने वाली हैं। उनके पिता एक अस्पताल में सफाई कर्मचारी हैं। रोहिणी को उच्च शिक्षा के लिए स्विट्ज़रलैंड में एक करोड़ रुपये की स्कॉलरशिप मिली थी, जहां से उन्होंने पीएचडी पूरी की और अब वहीं एनजीओ चलाती हैं। उनका दावा है कि चंद्रशेखर से उनका संपर्क 2019 में हुआ, जब वे स्विट्ज़रलैंड में पढ़ाई कर रही थीं। तब से लेकर अब तक उन्होंने कई बार चंद्रशेखर पर यौन उत्पीड़न और धोखा देने के आरोप लगाए हैं। रोहिणी का कहना है कि अब कई अन्य लड़कियां भी उनके संपर्क में हैं, जिन्होंने चंद्रशेखर पर शोषण के आरोप लगाए हैं।

घावरी के हालिया पोस्ट और धमकियों से पूरे देश में हलचल मच गयी है, जिसके कारण यह मामला व्यक्तिगत विवाद नहीं रह गया, बल्कि इसमें राजनीति, सामाजिक चेतना और महिलाओं की सुरक्षा के गंभीर सवाल जुड़ गये हैं।

Prev Article
हेयरस्टाइलिस्ट जावेद हबीब और उनके बेटे पर आर्थिक धोखाधड़ी का आरोप
Next Article
कोल्ड्रिफ कफ सिरप पर यूपी में सख्ती: नमूना जांच, बच्चों को देने के सम्बंध में गाइडलाइन

Articles you may like: