मुम्बई : विश्व कप जीतने के बाद भी राहत नहीं मिली। अब टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या कानूनी उलझन में फँस गए हैं। बेंगलुरु के शिवाजी नगर थाने में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है। आरोप है कि विश्व कप जीत के बाद नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में जश्न के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज का अपमान किया।
पुणे के वकील वाजेद खान विदकर ने बेंगलुरु के शिवाजी नगर थाने में यह शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने हार्दिक पांड्या के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में कहा गया है कि टीम इंडिया के खिलाड़ियों के जश्न के कई वीडियो सामने आए हैं। उनमें से एक वीडियो में हार्दिक राष्ट्रीय ध्वज को कंधे पर ओढ़कर नाचते और मैदान में दौड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं।
एक अन्य वीडियो में दिखाया गया है कि हार्दिक पोडियम पर अपनी प्रेमिका के साथ लेटे हुए हैं और उनके शरीर पर राष्ट्रीय ध्वज लिपटा हुआ है। शिकायत के अनुसार यह राष्ट्रीय ध्वज का अपमान माना जाता है।
समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए शिकायतकर्ता ने कहा कि हमने देखा कि हार्दिक अपनी प्रेमिका के साथ जीत का जश्न मनाते हुए नाच रहे थे और उनकी पीठ पर राष्ट्रीय ध्वज लगा हुआ था। 1971 के राष्ट्रीय ध्वज कानून की धारा 2 के अनुसार हमारे राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखना चाहिए लेकिन हार्दिक खुशी में इतने मग्न थे कि उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज ओढ़कर अपनी प्रेमिका के साथ लेट गए। मेरे विचार से यह राष्ट्रीय ध्वज का अपमान है।
क्योंकि यह घटना गुजरात के अहमदाबाद में हुई थी इसलिए शिकायतकर्ता के अनुसार बेंगलुरु पुलिस ने पहले उनकी शिकायत लेने से मना कर दिया। इसके बाद उन्होंने कहा कि देश के झंडे का अपमान पूरे देश के लिए शर्म की बात है इसलिए कहीं भी शिकायत दर्ज की जा सकती है। इसके बाद शिकायत दर्ज कर ली गई।
हालांकि इस पूरे मामले पर हार्दिक ने अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। फिलहाल विश्व कप के बाद वह अपने परिवार के साथ समय बिता रहे हैं। इसके बाद वह मुम्बई इंडियंस के शिविर से जुड़ेंगे।