नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 से पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बड़ा फैसला लिया है। इस बार टूर्नामेंट का उद्घाटन समारोह नहीं होगा। यह निर्णय 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की जीत के बाद हुए दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए लिया गया है।
दरअसल पिछले साल 4 जून को आरसीबी की ट्रॉफी जीत के बाद बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर विजय परेड के दौरान भगदड़ मच गई थी। इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई थी जबकि कई अन्य घायल हुए थे। इसी घटना को ध्यान में रखते हुए BCCI ने इस बार उद्घाटन समारोह रद्द करने का फैसला किया है।
BCCI के सचिव देवजीत सैकिया ने गुरुवार को एक इंटरव्यू में बताया कि पिछले साल की इस दुखद घटना को देखते हुए इस बार पहले मैच से पहले कोई भी विशेष कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा। यह फैसला मृतकों की स्मृति में लिया गया है।
आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से होगा। उद्घाटन मैच में आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुकाबला खेला जाएगा जो बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में आयोजित होगा। हालांकि मैच से पहले कोई भव्य कार्यक्रम नहीं होगा।
हालांकि टूर्नामेंट के अंत में एक भव्य क्लोजिंग सेरेमनी आयोजित की जाएगी। 31 मई को फाइनल मैच के बाद BCCI और आईपीएल गवर्निंग काउंसिल मिलकर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन करेंगे।
गौरतलब है कि इससे पहले 2019 में भी पुलवामा हमला के बाद आईपीएल का उद्घाटन समारोह रद्द किया गया था और उस बजट को शहीद सैनिकों के परिवारों को दिया गया था।
आरसीबी टीम ने भी इस हादसे में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए खास पहल की है। स्टेडियम में 11 सीटें पूरे साल के लिए आरक्षित रहेंगी। मैच से पहले एक मिनट का मौन रखा जाएगा और खिलाड़ी काले आर्मबैंड पहनकर मैदान में उतरेंगे। अभ्यास के दौरान सभी खिलाड़ी 11 नंबर की जर्सी पहनेंगे जो मृतकों को समर्पित होगी।