🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

दीप्ति शर्मा ने रचा इतिहास, झूलन गोस्वामी के 355 अंतरराष्ट्रीय विकेटों के रिकॉर्ड की बराबरी की

महिला टी20 विश्व कप में दीप्ति शर्मा की बड़ी उपलब्धि, सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय विकेट लेने वाली भारतीय बनीं।

By रजनीश प्रसाद

Jun 18, 2026 01:27 IST

लीड्स (ब्रिटेन) : भारतीय महिला क्रिकेट टीम की अनुभवी ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। आईसीसी महिला टी20 विश्व कप में नीदरलैंड्स के खिलाफ मुकाबले के दौरान उन्होंने पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी के सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय विकेटों के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।

ग्रुप ए के इस मुकाबले में दीप्ति शर्मा ने तीन ओवर गेंदबाजी करते हुए 26 रन देकर एक विकेट हासिल किया। इसी विकेट के साथ उनके अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कुल विकेटों की संख्या 355 हो गई, जिससे उन्होंने झूलन गोस्वामी के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। अब दोनों भारतीय खिलाड़ियों के नाम अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट में 355-355 विकेट दर्ज हैं।

अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वालों की सूची में दीप्ति शर्मा और झूलन गोस्वामी संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर हैं। इनके बाद इंग्लैंड की कैथरीन स्किवर-ब्रंट 335 विकेट, ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज एलिस पेरी 332 विकेट, इंग्लैंड की स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन 327 विकेट और दक्षिण अफ्रीका की तेज गेंदबाज शबनीम इस्माइल 318 विकेट के साथ क्रमशः अगले स्थानों पर हैं।

एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय (वनडे) क्रिकेट में दीप्ति शर्मा ने 124 मैचों में 166 विकेट हासिल किए हैं और वह भारत की दूसरी सबसे सफल गेंदबाज हैं। इस प्रारूप में उनसे आगे केवल झूलन गोस्वामी हैं जिनके नाम 255 विकेट दर्ज हैं।

टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दीप्ति शर्मा भारत की सबसे सफल गेंदबाज हैं। उन्होंने 146 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 167 विकेट हासिल किए हैं। इसके अलावा भारत के लिए खेले गए छह टेस्ट मैचों में भी उनके खाते में 22 विकेट दर्ज हैं।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ भारतीय टीम ने मैच में भी शानदार प्रदर्शन किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 209 रन बनाए, जो महिला टी20 विश्व कप के इतिहास में टीम का सर्वोच्च स्कोर है।

भारत की ओर से स्मृति मंधाना ने 47 गेंदों में 74 रन की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें 11 चौके और एक छक्का शामिल था। वहीं शेफाली वर्मा ने 38 गेंदों पर 55 रन बनाए और अपनी पारी में 10 चौके लगाए। दोनों बल्लेबाजों की शानदार पारियों ने भारत को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

209 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड्स की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। श्री चरणी ने 19 रन देकर चार विकेट लिए, जबकि शेफाली वर्मा ने 20 रन देकर तीन और नंदिनी शर्मा ने 22 रन देकर दो विकेट झटके। भारतीय गेंदबाजों ने नीदरलैंड्स को 96 रन पर चार विकेट की स्थिति से समेटते हुए पूरी टीम को 114 रन पर ऑलआउट कर दिया।

इस जीत के साथ भारतीय टीम ने ग्रुप ए में चार अंक हासिल कर शीर्ष स्थान पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली।

Articles you may like: