कोलकाता: पश्चिम बंगाल में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव दो चरणों में कराए जा सकते हैं। चुनाव आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में अंतिम निर्णय चुनाव आयोग के नई दिल्ली स्थित मुख्यालय में होने वाली एक और बैठक के बाद लिया जाएगा। यह जानकारी पीटीआई के हवाले से सामने आई है।
अधिकारी के अनुसार, 294 सीटों वाली पश्चिम बंगाल विधानसभा के लिए मतदान अगले महीने से शुरू हो सकता है और इसके दो चरणों में होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि हाल ही में कोलकाता में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ हुई बैठक में राज्य की अधिकतर राजनीतिक पार्टियों ने एक या दो चरणों में चुनाव कराने का सुझाव दिया था। हालांकि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने इस पर अलग रुख अपनाया था। सुरक्षा बलों और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने भी इसी तरह की राय दी थी।
अधिकारी ने कहा कि दो चरणों में मतदान कराने से चुनावी हिंसा को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है।इसलिए अंतिम फैसला लेते समय इस पहलू को भी ध्यान में रखा जाएगा।
एक चरण में चुनाव कराने की संभावना पर पूछे गए सवाल के जवाब में अधिकारी ने कहा कि ऐसा करना असंभव नहीं है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि 2024 में 288 सीटों वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव एक ही चरण में संपन्न कराए गए थे। हालांकि इस बार पश्चिम बंगाल में एक चरण में मतदान होने की संभावना काफी कम मानी जा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने आयोग को भरोसा दिलाया है कि चुनाव से पहले और बाद के समय में कड़ी निगरानी रखी जाएगी।